Last Updated:
Success Story: बुरहानपुर के विक्की कटियारे ने दूसरों की दुकान पर काम कर हुनर सीखा और ढाई लाख रुपये से कारोबार शुरू किया. आज वे तीन दुकानों के मालिक हैं और सात लोगों को रोजगार दे रहे हैं.
Success Story: कहते हैं कि अगर इंसान के अंदर कुछ कर गुजरने का जज्बा हो और वह मेहनत करने से पीछे न हटे तो छोटी-सी शुरुआत भी एक दिन बड़ी सफलता में बदल सकती है. बुरहानपुर के एक कपड़ा व्यवसायी ने इस बात को सच कर दिखाया है. कभी दूसरों की दुकान पर काम करके कपड़ा कारोबार की बारीकियां सीखने वाले इस व्यवसायी ने ढाई लाख रुपए की पूंजी से अपना काम शुरू किया. आज करीब 10 साल की मेहनत और लगन के बाद वे तीन कपड़ों की दुकानों का संचालन कर रहे हैं और सात लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं.
भाई के सहयोग से शुरू किया अपना कारोबार
लोकल 18 की टीम को दुकान संचालक विक्की कटियारे ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके सफर की शुरुआत दूसरों की दुकानों पर काम करने से हुई थी. इस दौरान उन्होंने कपड़ों की खरीदारी ग्राहकों से व्यवहार बिक्री और कारोबार को आगे बढ़ाने से जुड़ी बारीकियां सीखीं.काम करते हुए उनके मन में खुद का व्यवसाय शुरू करने का विचार आया. हालांकि, अपना कारोबार खड़ा करना आसान नहीं था लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. शुरुआत में उनके भाई ने सहयोग किया और करीब ढाई लाख रुपए लगाकर उन्होंने कपड़े का व्यवसाय शुरू किया.
10 साल की मेहनत से खड़ा किया कारोबार
शुरुआत में कारोबार को जमाने के लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी. ग्राहकों का भरोसा जीतने उनकी पसंद के अनुसार कपड़े उपलब्ध कराने और व्यवसाय को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने पर उन्होंने ध्यान दिया. समय के साथ उनके काम को पहचान मिलने लगी और ग्राहकों की संख्या भी बढ़ती गई. इसी का परिणाम रहा कि उन्होंने अपने कारोबार का विस्तार किया और एक दुकान से आगे बढ़ते हुए तीन दुकानों तक का सफर तय किया.
खुद बने मालिक, दूसरों को दे रहे रोजगार
आज व्यवसायी अपनी तीन कपड़ों की दुकानों का संचालन कर रहे हैं. खास बात यह है कि अब वे केवल अपने परिवार के लिए कमाई का जरिया नहीं बने हैं बल्कि सात लोगों को रोजगार देकर उनके परिवारों की आजीविका में भी योगदान दे रहे हैं. उन्होंने अपने अनुभव और मेहनत के दम पर दुकानों को खरीदकर कारोबार को मजबूत बनाया है.
उनकी यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है जो नौकरी करने या दूसरों के यहां काम सीखने के बाद खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं. उनकी कहानी बताती है कि सही अनुभव परिवार का सहयोग ग्राहकों का विश्वास और लगातार मेहनत किसी भी छोटे कारोबार को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है.