Sharad Purnima: मां लक्ष्मी की कृपा पाने का दिन, शरद पूर्णिमा पर अपनी राशि अनुसार करें उपाय

Sharad Purnima: मां लक्ष्मी की कृपा पाने का दिन, शरद पूर्णिमा पर अपनी राशि अनुसार करें उपाय


उज्जैन. हिंदू धर्म में सालभर आने वाली 12 पूर्णिमाओं का अपना महत्व है लेकिन अश्विन महीने की पूर्णिमा को बेहद खास माना जाता है. इसे शरद पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह तिथि मां लक्ष्मी को अत्यंत प्रिय है. माना जाता है कि इस दिन विशेष दान और उपाय करने से माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है, साथ ही आर्थिक परेशानियां दूर होने की मान्यता है. शरद पूर्णिमा पर चंद्रदेव की पूजा का भी विशेष विधान है. आइए, उज्जैन के आचार्य आनंद भारद्वाज से जानते हैं कि 12 राशियों के जातकों को कौन से दान और उपाय करने चाहिए.

कब है शरद पूर्णिमा?
वैदिक पंचांग के अनुसार, अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 25 अक्टूबर, रविवार को सुबह 11 बजकर 55 मिनट से शुरू होगी. वहीं इसका समापन 26 अक्टूबर, सोमवार को सुबह 9 बजकर 41 मिनट पर होगा. उदयातिथि के अनुसार, पूर्णिमा का स्नान और दान 26 अक्टूबर को किया जाएगा जबकि चंद्रमा की रोशनी में खीर रखने और शरद पूर्णिमा का पर्व 25 अक्टूबर की रात मनाया जाएगा. शरद पूर्णिमा पर आप रात 9 बजे के बाद खीर को चंद्रमा की चांदनी में रखें. खीर को इस तरह से रखें कि उसमें चंद्रमा की किरणें पड़ें.

शरद पूर्णिमा पर राशि अनुसार दान
मेष- इस राशि के जातकों को मां लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए खीर का दान करना चाहिए. मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है.

वृषभ- शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर वृषभ राशि के जातकों के लिए जरूरतमंदों को दही या घी का दान करना बेहद शुभ और फलदायी माना जाता है.

मिथुन- यदि मिथुन राशि के जातकों को कारोबार में लगातार नुकसान हो रहा है और मुनाफा नहीं मिल रहा, तो शरद पूर्णिमा पर दूध या चावल का दान करना शुभ माना जाता है.

कर्क- माता लक्ष्मी की असीम कृपा पाने के लिए कर्क राशि वाले शरद पूर्णिमा के दिन मिश्री युक्त दूध का दान करें. इससे हर कार्य में सफलता मिलेगी.

सिंह- ग्रहों की अशुभता दूर करने के लिए सिंह राशि के जातकों को शरद पूर्णिमा पर गुड़ का दान करना चाहिए. मान्यता है कि इससे ग्रह मजबूत होंगे.

कन्या- इस राशि के जातकों को शरद पूर्णिमा के दिन खीर का दान करना चाहिए. यह करने से सालभर लक्ष्मी मां का आशीर्वाद प्राप्त होगा.

तुला- माता लक्ष्मी की विशेष कृपा पाने के लिए तुला राशि के जातक दूध, चावल और घी का दान करें. धार्मिक मान्यता है कि इससे लक्ष्मी-नारायण प्रसन्न होकर सुख-समृद्धि प्रदान करते हैं.

वृश्चिक- आर्थिक स्थिति ठीक नहीं हो और ग्रह दोष हो, तो वृश्चिक राशि के जातकों को शरद पूर्णिमा के दिन लाल रंग की वस्तु का दान करना उत्तम माना गया है. ऐसा करने से ग्रह दोष दूर होंगे.

धनु- इस राशि के जातक शरद पूर्णिमा के शुभ अवसर पर दाल का दान करें. मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि बढ़ती है और खुशहाली बनी रहती है.

मकर- शरद पूर्णिमा के दिन बहते हुए जल में अक्षत प्रवाहित करने से सभी प्रकार के दोषों से मुक्ति मिलेगी और आर्थिक लाभ होगा.

कुंभ- शरद पूर्णिमा पर कुंभ राशि के जातक जरूरतमंदों को भोजन कराएं. मान्यता है कि ऐसा करने से आर्थिक परेशानियां कम होंगी और मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होगी.

मीन- इस राशि के जातकों को शरद पूर्णिमा पर मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करनी चाहिए. साथ ही जरूरतमंद ब्राह्मणों को भोजन कराने से माता की विशेष कृपा प्राप्त होती है.



Source link