Readymade Garment Business Idea: कम पूंजी में करें कपड़ों का कारोबार, 4 लाख के निवेश से ऐसे बनाएं कमाई का जरिया

Readymade Garment Business Idea: कम पूंजी में करें कपड़ों का कारोबार, 4 लाख के निवेश से ऐसे बनाएं कमाई का जरिया


Last Updated:

Readymade Garment Business Idea: क्या आप भी रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करना चाहते हैं? जमुई के सौरभ मिश्रा के अनुसार मात्र साढ़े तीन से चार लाख रुपये की लागत में रेडीमेड कपड़ों का कारोबार शुरू किया जा सकता है. सही प्लानिंग और ग्राहकों पर फोकस कर इसमें प्रतिदिन अच्छी कमाई की जा सकती है, जो शादियों और त्योहारों के सीजन में काफी बढ़ जाती है.

ख़बरें फटाफट

जमुई: जब भी हम अपना कारोबार या अपना बिजनेस शुरू करने की बात करते हैं तो सबसे पहली बात हमारे दिमाग में बजट को लेकर आती है. अक्सर हम यह सोच में पड़ जाते हैं कि बिजनेस शुरू करने में हमें कितना पैसा लगाना पड़ेगा और उस से अच्छी कमाई होगी भी या नहीं. लेकिन अगर आपका बजट बहुत ज्यादा नहीं भी है. तब भी आप रेडीमेड कपड़ों का कारोबार शुरू कर सकते हैं. इस बिजनेस में रोजाना अच्छी कमाई भी हो जाती है. साथ ही त्यौहार या शादियों के सीजन में यह कमाई बहुत बढ़ भी जाती है. जमुई जिले के खैरा बाजार में अपनी कपड़े की दुकान चलाने वाले सौरभ कुमार मिश्रा बताते हैं कि उन्होंने काफी कम लागत में इस कारोबार को शुरू कर लिया है. वह इस से अच्छी कमाई भी कर रहे हैं.

इतने पैसों में शुरू कर सकते हैं कारोबार
सौरभ बताते हैं कि कपड़ों का कारोबार शुरू करने के लिए आपको बहुत ज्यादा पैसों की जरूरत नहीं पड़ेगी. उन्होंने बताया कि शुरुआत में बहुत ज्यादा बड़ी दुकान की भी जरूरत नहीं पड़ती है. केवल 10/12 की दुकान में भी आप इसकी शुरुआत कर सकते हैं. लोकल बाजार में चार से पांच हजार रुपए प्रतिमाह के किराए पर आपको इतनी बड़ी दुकान मिल जाएगी. इसके साथ ही कई बाजार में पगड़ी के लिए भी बहुत पैसे नहीं लगते हैं. इसके अलावा अगर बात करें तो साढ़े तीन लाख से चार लाख की लागत में आप कपड़ों का अच्छा कारोबार कर सकते हैं. इसमें आप रोजाना चार से पांच हजार की बिक्री कर लेंगे.

इन बातों का ध्यान रखकर कर सकते हैं अच्छी कमाई
सौरभ बताते हैं कि कपड़े के कारोबार में कुछ बातों का ध्यान रखकर आप अपनी कमाई को बढ़ा सकते हैं. सौरभ ने बताया कि कपड़े के कारोबार में एक जरूरी बात ये है कि आप इस बात पर फोकस करें कि आप किस तरह के ग्राहकों को टारगेट कर रहे हैं. जैसे अगर आप को महिलाओं के लिए दुकान खोलनी है तो आप केवल उन्हीं के परिधानों के लिए दुकान लगाएं. इस से आपकी लागत कम होगी और आपका फोकस और बेहतर होगा.

इसके अलावा आप अपने आसपास के ऐसे बाजार से सामान खरीदें जो आसान हो. कुछ लोग दूर दराज से कपड़े लाते हैं, जिसमें बहुत परेशानी होती है. अगर जमुई की बात करें तो यहां से कोलकाता नजदीक भी है. यहां से सामान लाना आसान है. इसके साथ ही आप दिल्ली से भी कपड़े ला सकते हैं. इसमें आपको अच्छा मार्जिन भी मिलेगा. आप अच्छी कमाई कर सकेंगे. इन बातों का ध्यान रखकर आप कपड़ों के कारोबार से अच्छी कमाई कर सकते हैं.



Source link