Last Updated:
संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को करारा तमाचा जड़ा है. भारत ने दाऊद इब्राहिम के सेफ हाउस बन चुके इस देश की आतंकवाद के मुद्दों पर पोल खोलकर रख दी है.भारत के फर्स्ट सेक्रेटरी रघू पुरी ने ओसामा बिन लादेन का उदाहरण देते हुए कहा कि उसे भी उसी देश में खोजकर मार गिराया गया था, जहां दाऊद इब्राहिम के रहने की बात कही जाती है.
संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान की जबर्दस्त फटकार लगाई है. आतंकवाद और दाऊद इब्राहिम के मुद्दे पर पाकिस्तान की पोल खोलकर रख दी है.
संयुक्त राष्ट्र में एक बार फिर भारत ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई है. आतंकियों के मसीहा बन रहे पाक को भारत ने आईना दिखाते हुए दाऊद इब्राहिम और आतंकवाद पर करारा जवाब दिया है. यूएन की थर्ड कमेटी में भारत ने विशेष प्रतिवेदकों की रिपोर्टों में तथ्यात्मक गलतियों पर भी कड़ी आपत्ति जताई.
भारत के फर्स्ट सेक्रेटरी रघू पुरी ने कहा कि रिपोर्टों में तथ्यात्मक गलतियां अस्वीकार्य हैं. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि डी-कंपनी के सरगना दाऊद इब्राहिम का अल-कायदा से संबंध बताने वाले संदर्भ को अलग से पेश करने पर वास्तविक स्थिति की गलत तस्वीर बनती है.
ओसामा बिन लादेन का दिया उदाहरण
आतंकियों की पनाहगार बन चुका पाकिस्तान लगातार इस बात से इनकार करता रहा है कि आतंकी उसकी जमीन पर रहते हैं. कई बार वह मानवाधिकारों की दुहाई भी देता रहा है, लेकिन इस बार दाऊद इब्राहिम के मामले में भारत ने उसकी पोल पट्टी खोलकर रख दी है.
भारत ने कहा कि दाऊद इब्राहिम 1993 से भारत में हुए आतंकवादी हमलों के सिलसिले में वांछित है. संयुक्त राष्ट्र के 1267 प्रतिबंध तंत्र के तहत उसकी सूचीबद्धता के कारणों में भी इसका उल्लेख है. रघू पुरी ने ओसामा बिन लादेन का उदाहरण देते हुए कहा कि उसे भी उसी देश में खोजकर मार गिराया गया था, जहां दाऊद इब्राहिम के रहने की बात कही जाती है.
भारत को आतंकियों की शरणस्थली नहीं बनने देंगे
भारत ने स्पष्ट किया कि मानवाधिकारों के ढांचे को आतंकवादियों, कट्टरपंथ और उग्रवाद फैलाने वालों की शरणस्थली नहीं बनने दिया जा सकता. पुरी ने दो टूक कहा कि आतंकवाद को किसी भी परिस्थिति में जायज नहीं ठहराया जा सकता.
पाकिस्तान के बयान पर निशाना साधते हुए रघू पुरी ने इसे संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए किया गया दुष्प्रचार बताया और कहा कि पाकिस्तान की सेना ही वहां की वास्तविक शासक है.