Last Updated:
Faridabad Gas Agency Fire: फरीदाबाद के सरूरपुर गांव में नारायण गैस एजेंसी में भीषण आग लगने से कई सिलेंडर फटे. हादसे में दो लोग झुलसे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया और पुलिस जांच कर रही है
फिलहाल गैस एजेंसी में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है.
फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद के सरूरपुर गांव स्थित नारायण गैस एजेंसी में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. 21 अक्तूबर की शाम को आग इतनी भयानक थी कि एजेंसी में रखे कई गैस सिलेंडर धमाकों के साथ फट गए. सिलेंडर फटने की तेज आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. हादसे के दौरान अपनी और परिवार की सुरक्षा को देखते हुए आसपास के मकानों में रहने वाले लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए. देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. आग की भयावहता और सिलेंडरों में विस्फोट के खतरे के बीच दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया. इस दौरान पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा.
हादसे में दो लोगों के झुलसने की सूचना
इस हादसे में दो लोगों के झुलसने की सूचना सामने आई है. बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति के हाथ में जलने की चोट आई है, जबकि दूसरे व्यक्ति के शरीर पर जलने के निशान हैं. दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि, घायलों की पहचान और उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल गैस एजेंसी में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है. लेकिन कहा जा रहा है कि गैस लीक होने के बाद आग लगी थी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और सिलेंडरों में विस्फोट कैसे हुए. हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर भी लोगों के बीच चिंता बनी हुई है.