नई दिल्ली (Career Mistakes to Avoid). तेजी से बदलते दौर में सफल करियर बनाना जितना मुश्किल है, उसे बनाए रखना उससे भी ज्यादा चैलेंजिंग हो चुका है. ज्यादातर लोग सोचते हैं कि दिन-रात मेहनत करना, समय पर ऑफिस पहुंचना और दिए गए काम को पूरा कर देना ही तरक्की की गारंटी है. लेकिन असलियत इससे काफी अलग है. अक्सर लोग जाने-अनजाने में कुछ ऐसी प्रोफेशनल गलतियां कर बैठते हैं, जो उनकी स्किल्स और काबिलियत पर पानी फेर देती हैं.
आप करियर की शुरुआत कर रहे हों या किसी बड़ी कंपनी में मिड-लेवल मैनेजर हों, एक गलत कदम सालों की मेहनत पर ब्रेक लगा सकता है. मॉडर्न वर्कप्लेस सिर्फ टेक्निकल स्किल नहीं देखता, बल्कि पर्सनैलिटी, एटीट्यूड, नेटवर्क और समस्याओं को सुलझाने की क्षमता को भी परखता है. अगर आप जॉब में सैचुरेशन फील कर रहे हैं या प्रमोशन बार-बार हाथ से निकल जाता है तो वक्त आ गया है अपनी आदतों को टटोलने का. जानिए 5 ऐसी बड़ी गलतियां, जो किसी का भी करियर तबाह कर सकती हैं.
करियर बर्बाद कर रही हैं ये 5 गलतियां
करियर में ग्रोथ के लिए काम के साथ ही व्यवहार, स्किल्स और अपस्किलिंग पर भी फोकस करना जरूरी है. कई प्रोफेशनल्स जाने-अनजाने में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो लॉन्ग रन में उनका करियर बर्बाद कर देती हैं. साथ ही जानिए इनसे बचने के तरीके भी.
1. कंफर्ट जोन में जकड़ जाना और अपस्किलिंग न करना
जब किसी नौकरी में सैलरी अच्छी मिलने लगती है और काम आसान लगने लगता है तो लोग अपने कंफर्ट जोन में चले जाते हैं. वे नई टेक्नोलॉजी, नए टूल्स या अपनी इंडस्ट्री के ट्रेंड्स सीखना बंद कर देते हैं. एआई और ऑटोमेशन के दौर में अगर आप खुद को अपग्रेड नहीं करेंगे तो मार्केट से आउटडेटेड होने में देर नहीं लगेगी. हमेशा कुछ नया सीखते रहना ही असली ताकत है.
2. नेटवर्किंग और पर्सनल ब्रांडिंग को नजरअंदाज करना
‘मेरा काम ही मेरी पहचान है’ – यह सोच सुनने में अच्छी लगती है, लेकिन कॉर्पोरेट वर्ल्ड में सिर्फ काम दिखना काफी नहीं होता. अगर आप अपनी इंडस्ट्री के लोगों से कनेक्ट नहीं हैं, लिंक्डइन (LinkedIn) पर एक्टिव नहीं हैं और अपने काम को सही तरीके से प्रेजेंट करना नहीं जानते तो आपकी काबिलियत दबी रह जाएगी. सही नेटवर्किंग ही नए और बड़े मौके दिलाती है.
3. ऑफिस पॉलिटिक्स में उलझना और निगेटिव एटीट्यूड रखना
वर्कप्लेस पर गॉसिप करना, बॉस या कोवर्कर्स की बुराई में शामिल होना या हर बात पर शिकायत करना आपकी इमेज को नुकसान पहुंचाता है. कंपनियां प्रॉब्लम का हिस्सा बनने के बजाय सॉल्यूशन का हिस्सा बनने वालों को ज्यादा पसंद करती हैं. पॉजिटिव और प्रोफेशनलिज्म से भरा रवैया आपको टीम में भरोसेमंद लीडर बनाता है.
4. फीडबैक को ईगो पर ले लेना और सुधार न करना
जब आपका सीनियर या कलीग आपके काम में कोई कमी निकालता है तो उसे अपनी पर्सनल बेइज्जती मान लेना करियर के लिए सबसे खतरनाक है. कंस्ट्रक्टिव क्रिटिसिज्म काम में सुधार और बेहतरी के लिए होती है. जो लोग अपनी गलतियों से सीखने के बजाय बहस करने लगते हैं या बहाने बनाते हैं, उनके लिए तरक्की के दरवाजे बंद हो जाते हैं.
5. वर्क-लाइफ बैलेंस बिगाड़ना और हेल्थ को इग्नोर करना
करियर बनाने के चक्कर में अपनी नींद, सेहत और फैमिली को भूल जाना कोई समझदारी नहीं है. लंबे समय तक बिना ब्रेक के काम करने से बर्नआउट (Burnout) होता है, जिससे काम करने की क्षमता और सोचने-समझने की ताकत खत्म होने लगती है. जब शरीर और दिमाग स्वस्थ रहेगा, तभी आप लंबे समय तक करियर की रेस में टिके रह पाएंगे.
करियर को रीसेट करने के 3 स्मार्ट रूल्स
अगर आपको लगता है कि ऊपर बताई गईं गलतियां आप कर चुके हैं तो अब उनमें सुधार का वक्त है. जानिए कुछ टिप्स, जिनसे आप अपने करियर को रीसेट कर सकते हैं.
- 15/45 का नियम: हर हफ्ते कम से कम 45 मिनट अपनी फील्ड से जुड़ा कोई नया आर्टिकल, केस स्टडी या कोर्स पढ़ने में लगाएं. इसके अलावा, 15 मिनट लिंक्डइन प्रोफाइल अपडेट करने में दें.
- सॉफ्ट स्किल्स पर फोकस: सिर्फ हार्ड स्किल्स (Technical Work) ही नहीं, कम्युनिकेशन, इमोशनल इंटेलिजेंस और टाइम मैनेजमेंट ही आपको मैनेजर से लीडर बनाती है.
- सही मेंटर चुनें: अपनी इंडस्ट्री में किसी ऐसे सीनियर को अपना मेंटर बनाएं, जो आपको समय-समय पर सही गाइडेंस और निष्पक्ष फीडबैक दे सके.