सऊदी अरब में एयरपोर्ट पर हमला, अरामको तेल ठिकाने पर भी अटैक, अब तक 3 की मौत, भारतीय भी घायल

सऊदी अरब में एयरपोर्ट पर हमला, अरामको तेल ठिकाने पर भी अटैक, अब तक 3 की मौत, भारतीय भी घायल


King Fahd International Airport in Saudi Arabia’s Dammam: सऊदी अरब में एक के बाद एक हमलों ने खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है. सऊदी अरब को हूती विद्रोही लगातार चोट पहुंचा रहे हैं. एयरपोर्ट से लेकर तेल ठिकाने तक बमबारी हो रही है. सऊदी अरब में बुधवार को दम्माम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला हुआ. इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए. इसके बाद सऊदी अरामको के तेल ठिकाने को निशाना बनाने की कोशिश की गई. हालांकि, सऊदी एयर डिफेंस ने ड्रोन को मार गिराया, लेकिन उसके मलबे से लगी आग में नेपाल और फिलीपींस के नागरिकों की मौत हो गई. इस घटना में एक भारतीय नागरिक समेत दो लोग घायल हुए हैं. एयरपोर्ट से तेल ठिकाने तक हुए इन हमलों ने सऊदी अरब में काम कर रहे विदेशी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

दम्माम एयरपोर्ट पर हमले में क्या हुआ?

दम्माम सऊदी अरब के पूर्वी हिस्से में स्थित एक अहम शहर है. यहां का किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट खाड़ी क्षेत्र में हवाई यातायात के लिहाज से अहम है. सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, बुधवार देर रात हुए हमले में एक सऊदी नागरिक की मौत हुई और आठ लोग घायल हुए. एयरपोर्ट को भी नुकसान पहुंचा. हमले के बाद कुछ विमानों को डायवर्ट किया गया है. हालांकि, अधिकारियों ने तत्काल यह स्पष्ट नहीं किया कि हमले के पीछे किसका हाथ था. माना जा रहा है कि हूती ने ही यह हमला किया है.

सऊदी सिविल एविएशन अथॉरिटी के मुताबिक, सऊदी अरब के पूर्वी हिस्से में दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार शाम हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए. घायलों की हालत मामूली से लेकर गंभीर तक है। एयरपोर्ट को हुए भौतिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

अरामको के तेल ठिकाने को भी बनाया निशाना

वहीं, एयरपोर्ट पर हमले से पहले सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया था कि देश के दक्षिण-पूर्व में स्थित अरामको के एक तेल ठिकाने पर ड्रोन हमले की कोशिश की गई. सऊदी एयर डिफेंस ने ड्रोन को रोक लिया, लेकिन उसके मलबे से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. मंत्रालय के मुताबिक, मृतकों में नेपाल और फिलीपींस के नागरिक शामिल थे. घायलों में एक भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक था. मलबे के कारण एक ठेकेदार की गाड़ी में आग लग गई. राहत की बात यह रही कि इस घटना से तेल ठिकाने का कामकाज प्रभावित नहीं हुआ.

हूती विद्रोहियों पर शक, अमेरिका ने भी उठाया कदम

सऊदी अरब में हाल के दिनों में तेल ठिकानों और हवाई अड्डों पर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं. इन हमलों के बीच यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का नाम भी चर्चा में है. हालांकि, दम्माम एयरपोर्ट पर हुए ताजा हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने तत्काल नहीं ली थी. इसलिए हमले के पीछे किसका हाथ है, इस बारे में अभी स्पष्ट निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी.

सऊदी के दम्माम एयरपोर्ट पर हमला, 1 की मौत और 8 घायल; अमेरिका ने दूतावास स्टाफ को देश छोड़ने का दिया आदेश (फोटो-एपी)अमेरिका हुआ अलर्ट

सऊदी अरब में लगातार हो रहे अटैक से अमेरिका चिंतित है. इलाके में सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच अमेरिका ने बुधवार देर रात अपने कुछ राजनयिकों और अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को सऊदी अरब छोड़ने का आदेश दिया. यह फैसला ऐसे समय आया है, जब क्षेत्र में हमलों के और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

भारत के लिए कितनी टेंशन की बात?

सऊदी अरब में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक काम करते हैं. ऐसे में तेल ठिकानों और एयरपोर्ट जैसे अहम स्थानों के आसपास हमलों की घटनाएं भारतीय कामगारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाती हैं. अरामको के तेल ठिकाने पर एक भारतीय नागरिक का घायल होना इस चिंता को और गंभीर बनाता है. फिलहाल, इन घटनाओं में कुल तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. इनमें एयरपोर्ट पर मारा गया एक सऊदी नागरिक और अरामको के तेल ठिकाने पर मारे गए नेपाल और फिलीपींस के नागरिक शामिल हैं.



Source link