Last Updated:
Munger Firing News: बिहार में गैंगवार जैसा नजारा दिखाई दिया, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. मुंगेर के टीकारामपुर में दो पक्षों में जमकर मारपीट और गोलीबारी का वीडियो सामने आया. आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. जिसके बाद फायरिंग की गई. इससे इलाके में दहशत फैल गई. घटना पर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा.
टीकारामपुर में दो पक्षों में फायरिंग.
मुंगेरः बिहार का मुंगेर गोलीबारी की आवाज से दहल उठा. पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और जमकर फायरिंग हुई. मामला मुफस्सिल थाना इलाके के टीकारामपुर का है. घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. पहले वीडियो में एक व्यक्ति घर के पीछे छिपकर फायरिंग करता दिख रहा है. सामने आए दूसरे वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोग छत पर चढ़कर पिस्टल में कारतूस भरते और गोली चलाते नजर आ रहे हैं. हालांकि News18 वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता. फायरिंग को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा.
19 अक्टूबर सोमवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते मामला मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गया. मंगलवार सुबह दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए. फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई. घटना से जुड़ा पहला वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था. इसमें एक व्यक्ति घर के पीछे छिपकर गोली चलाता दिखाई दे रहा था. अब वायरल दूसरे वीडियो में कथित तौर पर दूसरे पक्ष के लोग छत पर चढ़कर फायरिंग करते और पिस्टल में कारतूस भरते नजर आ रहे हैं. लगातार सामने आ रहे इन वीडियो के बाद इलाके की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन
घटना के बाद दोनों पक्षों ने मुफस्सिल थाने में आवेदन दिया है. पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले में एक पक्ष के एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है. पुलिस घटना के कारणों, गोलीबारी में शामिल अन्य लोगों और वायरल वीडियो की जांच कर रही है. वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
राजद ने घटना को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा.
विपक्ष ने फायरिंग की घटना को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला. राजद ने एक्स पर लिखा- “बतोलेबाज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह जिले मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टीकारामपुर में दो गैंग के बीच भारी गोलीबारी! सम्राट चौधरी से अपना जिला नहीं संभल रहा, मुंगेर में जगह जगह घरों में गृह उद्योग की तरह अवैध हथियार बनते हैं पर गृहमंत्री सम्राट चौधरी को ना तो यह दिखता है और ना ही कानून व्यवस्था संभलता है!”