दलेर मेहंदी के सपोर्ट में सिनेमा जगत, सुबोध उनियाल के बयान पर FWICE ने पीएम मोदी और सीएम धामी को लिखी चिट्ठी


Last Updated:

Daler Mehndi ‘Drunk’ Video Row: उत्तराखंड में दलेर मेहंदी पर लगे शराब पीने के आरोप पर FWICE ने उनका समर्थन किया है. संगठन ने पीएम मोदी और सीएम धामी को पत्र लिखकर कलाकार के सम्मान और संवेदनशीलता की मांग की है.

Top Deals Inside

दलेर मेहंदी के सपोर्ट में सिनेमा, FWICE ने पीएम मोदी और धामी को लिखी चिट्ठीZoom

दलेर मेहंदी के सपोर्ट में संगठन (फोटो साभार: Instagram@thedalermehndiofficial)

नई दिल्ली. उत्तराखंड में गायक दलेर मेहंदी को लेकर दिए गए बयान पर जारी विवाद के बीच फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज उनके समर्थन में सामने आया है. संगठन ने कहा कि उसे अच्छी तरह जानकारी है कि दलेर मेहंदी शराब का सेवन नहीं करते हैं.

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर कहा कि यह सभी जानते हैं कि दलेर मेहंदी कुछ स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और हाल ही में हुई सर्जरी से भी उबरे.

दलेर मेहंदी के समर्थन में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज
पत्र में कहा गया है, “हम सार्वजनिक कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के महत्व को समझते हैं, लेकिन ऐसी स्थितियों को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाने के बजाय संवेदनशीलता और विवेक के साथ संभाला जाना चाहिए.”

संगठन ने जताई स्वास्थ्य की चिंता
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने आगे कहा कि किसी कलाकार की स्थिति के बारे में कोई निष्कर्ष निकालने से पहले संयम बरतना जरूरी है. अगर किसी कलाकार के स्वास्थ्य को लेकर कोई चिंता है तो उसे सहानुभूति और पेशेवर तरीके से संबोधित किया जाना चाहिए.

सम्मान की बात कही
पत्र में दलेर मेहंदी के भारतीय संगीत जगत में योगदान का भी उल्लेख किया गया. इसमें कहा गया, “दलेर मेहंदी भारतीय संगीत जगत का एक बड़ा नाम हैं. उनके गीतों और प्रस्तुतियों ने कई पीढ़ियों में उन्हें व्यापक पहचान दिलाई है. ऐसे वरिष्ठ कलाकार का सार्वजनिक रूप से अपमान किया जाना पूरे मनोरंजन जगत के लिए दुखद है.” संगठन ने जोर देकर कहा कि कलाकारों के साथ उनकी स्थिति या पहचान चाहे जो भी हो, निष्पक्ष और पेशेवर व्यवहार किया जाना चाहिए.

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कार्यक्रम आयोजकों की जिम्मेदारी है कि कलाकारों के स्वास्थ्य या प्रदर्शन से जुड़ी किसी भी चिंता को उचित और सम्मानजनक तरीके से संभालें. संगठन ने अधिकारियों से कलाकारों और प्रदर्शन करने वालों के साथ अधिक संवेदनशील व्यवहार करने की अपील की है.

पत्र के अंत में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने कहा कि वह हमेशा से कलाकारों और मनोरंजन उद्योग से जुड़े कर्मचारियों के कल्याण, पेशेवर अधिकारों और निष्पक्ष व्यवहार के समर्थन में खड़ा रहा है.

क्या हुआ था
बता दें कि रविवार को नई टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में प्रस्तुति के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी को बीच में रोकते हुए आरोप लगाया था कि वह शराब के नशे में हैं. इसके बाद यह मामला विवाद का विषय बन गया.



Source link