Last Updated:
Business Idea: रोजगार की तलाश में वर्षों तक दूसरे प्रदेशों में काम करने के बाद एक युवक ने अपनी खुद की फैक्ट्री खड़ी कर दी है. जो कभी खुद दूसरों की कंपनी में काम किया करता था, अब वो 15 लोगों को रोजगार दे रहा है. ये कहानी जमुई जिले के गुगुलडीह निवासी प्रियंका कुमारी और उनके पति चंदन रावत की है, जिन्होंने शहर के नीमारंग में अपनी धागा निर्माण की फैक्ट्री शुरू की है.
प्रियंका ने बताया कि चंदन करीब 25 साल तक अलग-अलग कंपनियों में काम कर चुके हैं. इस दौरान उन्होंने तय किया कि अब वह दूसरे प्रदेशों में काम नहीं करेंगे, बल्कि खुद का कोई कारोबार करेंगे. चंदन को इस काम में अनुभव था और उन्होंने घर आकर धागा फैक्ट्री बनाने की योजना बनाई.
चंदन ने बताया कि जब उन्होंने अपने घर लौटकर कारोबार शुरू करने की योजना बनाई, तो सबसे बड़ी चुनौती पूंजी की थी. चंदन ने बताया कि उन्होंने फैक्ट्री लगाने के लिए बैंक से लोन लेने का प्रयास किया, लेकिन ऋण स्वीकृत नहीं हुआ. इसके बाद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और रिश्तेदारों से कर्ज लेकर नीमारंग में अपनी धागा फैक्ट्री स्थापित कर दी. आज इस इकाई में 15 लोगों को रोजगार मिला हुआ है और कर्मचारियों के वेतन पर हर महीने एक लाख रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं.
प्रियंका ने बताया कि फैक्ट्री में धागा तैयार करने से लेकर उसकी पैकेजिंग तक के लिए मशीनों की व्यवस्था की गई है. यहां ऑटोमैटिक मशीनों की मदद से धागे को रंगने, सुखाने, पॉलिश करने और रोल तैयार करने का काम किया जाता है. इसके बाद धागे के रोल पर हाथों से लेबल लगाया जाता है और फिर उनकी पैकेजिंग की जाती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने बताया कि तैयार धागे के लिए महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के अलावा बिहार के लगभग सभी जिलों से ऑर्डर मिल रहा है है. सबसे खास बात यह है कि चंदन जिन कंपनियों में पहले काम कर चुके हैं, उनमें से एक कंपनी को भी अब उनकी फैक्ट्री से धागे की आपूर्ति की जा रही है.
प्रियंका कुमारी का कहना है कि उन्होंने और उनके पति ने रोजगार के लिए लंबे समय तक दूसरे प्रदेशों में रहकर काम किया है. बाहर रहकर काम करने के दौरान उन्होंने बहुत कुछ महसूस किया है. उनका उद्देश्य है कि जिस तरह उन्हें रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ा, वैसी मजबूरी दूसरे लोगों के सामने नहीं आए. स्थानीय लोगों को अपने घर और परिवार के पास ही काम मिल सके, इसी सोच के साथ फैक्ट्री शुरू की गई है.