Last Updated:
प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी की फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने साल 2026 में जमकर कमाई की. मेकर्स ने फिल्म की मेकिंग से जुड़ा एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि इसकी दुनिया को गढ़ने के लिए मनमोहन देसाई की क्लासिक फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ से प्रेरणा ली गई है. रितेश सिधवानी के मुताबिक, फिल्म में पुराने बॉलीवुड दौर की यादें ताजा करने वाले कई आइकॉनिक रेफरेंस जोड़े गए हैं.
साल 2026 में ब्लॉकबस्टर साबित हुई ‘मिर्जापुर: द मूवी’. (फोटो साभार: IMDb)
नई दिल्ली. साल 2026 में पॉपुलर सीरीज पर बनी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया. कालीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू भैया की तिकड़ी ने एक बार फिर दर्शकों को अपना मुरीद बना लिया. इसी बीच फिल्म के प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी ने बताया कि इस फिल्म को बनाने के लिए ‘अमर अकबर एंथनी’ जैसी क्लासिक मूवी से प्रेरणा ली गई है.
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ‘अमर अकबर एंथनी’ से कनेक्शन
आइकॉनिक फ्रेंचाइजी के एडॉप्टेशन में मेकर्स ने उसी तरह का जबरदस्त ड्रामा, एक्शन और कभी न भूलने वाले किरदार डालें, जिसे दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं. लेकिन असल बात तो यह है कि इसकी जड़ें क्लासिक हिंदी सिनेमा से जुड़ी हुई हैं. मिर्जापुर की दुनिया को आकार देने के लिए किस तरह की प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी ने क्रिएटिव चॉइस का इस्तेमाल किया है, उसके बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि कैसे ‘अमर अकबर एंथनी’ जैसी क्लासिक मूवी ने बड़ी आसानी से कहानी में अपनी जगह बनाई.
‘अमर अकबर एंथनी’ का लिया रेफरेंस
इससे हल्का रेफरेंस लेते हुए मेकर्स ने ‘अमर अकबर एंथनी’ की तरह ही अपनी कहानी में भी पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया), दिव्येंदु (मुन्ना भैया), और अली फजल (गुड्डू भैया) के रूप में सिर्फ तीन अहम किरदार रखे हैं. फिल्म में इस्तेमाल किए गए रेफरेंस पर नजर डालते हुए रितेश सिधवानी ने कहा, ‘कुछ ऐसे रेफरेंस हैं जो गुरु (गुरमीत सिंह) ने अमर अकबर एंथनी से मिर्जापुर में डाले हैं. तो हां, हम वो फिल्में देखते हुए बड़े हुए हैं और उससे रेफरेंस लेना आइकॉनिक था.’
‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने की 339 करोड़ से ज्यादा कमाई
इस तरह पुराने बॉलीवुड के नॉस्टैल्जिया को मॉडर्न रंग में ढालकर रितेश सिधवानी ने यह फिर साबित किया है कि वह आज के भारतीय दर्शकों की पसंद को बखूबी समझते हैं. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की इस शानदार कामयाबी के दौरान कहानी में शामिल किए गए ये खास रेफरेंस असल में उस दौर के सिनेमा को एक ट्रिब्यूट है, जिसने फिल्ममेकर्स की पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ दुनियाभर में 339 करोड़ रुपये से ज्यादा से कमाई करके ब्लॉकबस्टर साबित हुई.