Last Updated:
Kanpur News: कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई. युवक को पहले जबरन कार की छत पर बैठाया और फिर उसके दोनों हाथ कार की खिड़कियों में फंसा दिया और करीब डेढ़ किलोमीटर तक कार लेकर दौड़ाते रहे. इसके बाद जब युवक कार से गिर गया तो उसे कुचलने की कोशिश की गई. घायल अवस्था में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
कानपुर में युवक की दर्दनाक मौत
कानपुरः सड़क पर दौड़ती कार, उसकी छत पर जिंदगी बचाने के लिए जूझता एक युवक और खिड़कियों में फंसे उसके हाथ… आरोप है कि कार सवारों ने उसे बचने का मौका तक नहीं दिया. करीब डेढ़ किलोमीटर तक युवक को कार की छत पर रखकर गाड़ी दौड़ाई गई. उसके हाथ खिड़कियों में फंसाकर शीशे बंद कर दिए गए. फिर जब युवक सड़क पर गिरा तो उसके ऊपर भी कार चढ़ाने का आरोप है. कानपुर में पुरानी रंजिश के चलते हुई इस खौफनाक वारदात में 37 वर्षीय बीरू सिंह भदौरिया की जान चली गई. दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे बीरू के साथ हुई बर्बरता के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में हैय परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
रास्ते में घेरा, मारपीट की; फिर कार से मारी टक्कर
हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के अर्रा निवासी बीरू सिंह भदौरिया एक फूड प्रोडक्ट कंपनी में सेल्समैन थे. परिवार में पत्नी रीना, दो बेटियां सीवी और ईशानी, बेटा विराज, पिता राम शंकर सिंह और बड़े भाई कुलदीप सिंह भदौरिया हैं. परिवार के मुताबिक, कुछ दिन पहले बीरू का खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी राजवीर और मेवालाल से विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी रंजिश ने बाद में हिंसक रूप ले लिया, मंगलवार रात बीरू दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान मेवालाल कार लेकर पहुंचा. गाड़ी में राजवीर समेत तीन अन्य लोग भी सवार थे. बीरू को रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट की गई. जान बचाने के लिए बीरू ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने कार से टक्कर मार दी. इसके बाद घटनाक्रम ने भयावह रूप ले लिया.
खिड़कियों में फंसे हाथ, बंद कर दिए शीशे; दौड़ती रही कार
आरोप है कि बीरू को कार की छत पर डालने के बाद उनके दोनों हाथ खिड़कियों में फंसा दिए गए. कार के शीशे बंद कर दिए गए और गाड़ी तेज रफ्तार में दौड़ा दी गई. बीरू छत पर फंसे रहे, जबकि कार सवार उन्हें लेकर आगे बढ़ते रहे. करीब डेढ़ किलोमीटर तक यह खौफनाक सिलसिला चलता रहा. राजेंद्र नगर में अश्वनी ट्रेडिंग कंपनी के पास बीरू को सड़क पर गिरा दिया गया. आरोप है कि इसके बाद कार उनके ऊपर भी चढ़ा दी गई. उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं और हाथों की उंगलियां भी बुरी तरह कुचल गईं. इस पूरी घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी. घटनास्थल के पास से गुजर रहे देवेंद्र सिंह चौहान ने बीरू को पहचान लिया और उनके परिवार को सूचना दी.
दो दर्जन से ज्यादा कैमरों में कैद हुई वारदात
इस मामले में सीसीटीवी फुटेज अहम कड़ी बनकर सामने आए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, दो दर्जन से ज्यादा कैमरों में कार की आवाजाही और युवक के साथ हुई घटना के दृश्य कैद हुए. परिजनों ने इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. कोई पुलिस के अधिकारी की माने मुकदमा दर्ज करके पुलिस टीम जांच में ड्यूटी है सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जा रही है.