इंद्रधनुष के ऊपर बादल से कैसे गिर रहा झरना? गुफा से दिखा हैरान करने वाला नजारा, भ्रम है या सच

इंद्रधनुष के ऊपर बादल से कैसे गिर रहा झरना? गुफा से दिखा हैरान करने वाला नजारा, भ्रम है या सच


सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने चौंका दिया है. आसमान में इंद्रधनुष छाया हुआ है. उसके ऊपर घने बादल हैं और उसमें से पानी की धारा फूट रही है. ऐसा लग रहा है जैसे आसामान में से झरना गिर रहा है. नीचे जंगल का इलाका है और वीडियो एक गुफा के पीछे से शूट हुआ है. ये वीडियो ब्राजील की एक खास गुफा का है. लोग आसमान से गिरते पानी को लेकर आश्चर्य में हैं, जबकि कई लोग इस दुर्लभ नजारे को आंखों का धोखा करार दे रहे हैं. आखिर ये मामला है क्या? चमत्कार है कोई भ्रम.

ब्राजील के साओ पाउलो राज्य के इपोरंगा शहर में स्थित कासा डी पेड्रा की गुफा के अंदर का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है. इस वीडियो में एक ऐसा नजारा दिखाई देता है, मानो इंद्रधनुष के रंगों से सजे आसमान से सीधे पानी की धारा बह रही हो. हरे-भरे जंगलों के बीच पानी की चमकती हुई धारा और सूरज के चारों ओर चमकता हुआ रंगों का एक गोलाकार घेरा, मिलकर एक अद्भुत और सम्मोहक ऑप्टिकल भ्रम पैदा कर रहा है.

क्या है गुफा और इस जगह की खासियत?
यह वीडियो अल्टो रिबेरा टूरिस्ट स्टेट पार्क के कन्जर्व एरिया में स्थित कासा डी पेड्रा गुफा के अंदर शूट किया गया है. यह पार्क अपनी बड़ी गुफा और जंगलों के ट्रेल्स के लिए जाना जाता है. कासा डी पेड्रा गुफा का एंट्री गेट बहुत विशाल है, जो करीब 170 से 200 मीटर तक ऊंचा है. गुफा के अंदर से बाहर देखने पर यह गेट बाहर के जंगल और आसमान को एक खूबसूरत फ्रेम में समेट लेता है. इसी जगह पर यह प्राकृतिक घटना कैमरे में कैद हुई.

गुफा से कैद हैरान करने वाला नजारा

इस वीडियो में ऐसा देखा जा सकता है कि गुफा की एंट्री गेट के ठीक बीच से पानी की एक पतली सी धारा नीचे गिर रही है. इसके ठीक ऊपर सूरज के चारों ओर एक रंगीन घेरा यानी सोलर हेलो और आसमान में नीचे की तरफ एक और इंद्रधनुष जैसा आर्क दिखाई दे रहा है. इन दोनों के मिलन से ऐसा लगता है मानो सीधे इंद्रधनुष से ही बरसात हो रही हो.

आसमान से पानी गिरने का सच क्या है?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा खेल ‘नजर के धोखे’ यानी ऑप्टिकल भ्रम का है. लोगों को ऐसा लगता है कि पानी सीधे आसमान से ही गिर रहा है, लेकिन असल में ऐसा नहीं है. अब सवाल उठता है कि ये पानी आखिर आया कहां से? यह पानी गुफा में प्रवेश के रास्ते के ऊपर चट्टान में बनी एक प्राकृतिक दरार से बहकर नीचे गिरता है. गुफा के अंदर से देखने पर यह गिरती हुई धारा खुले आसमान के साथ इस तरह अलाइन दिखती है, जिससे यह अनोखा नजारा बनता है.

सूरज के चारों ओर रिंग क्यों बनी?
सूरज के चारों ओर दिखाई देने वाला रंगीन घेरा एक वायुमंडलीय ऑप्टिकल घटना है, जिसे सोलर हेलो कहा जाता है. यह तब बनता है जब सूरज की रोशनी, अधिक ऊंचाई पर मौजूद बादलों के सूक्ष्म बर्फ के क्रिस्टल से होकर गुजरती है और रोशनी मुड़कर एक गोलाकार बैंड बना लेती है.

नीचे की तरफ दिखने वाला इंद्रधनुष तब बनता है जब गिरती हुई जलधारा से उठने वाली धुंध की बूंदों से सूरज की रोशनी गुजरती है. यह तमाम प्राकृतिक घटनाएं एक ही समय पर और एक ही फ्रेम में ओवरलैप हो जाती हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि इंद्रधनुष वाले आसमान से गुफा के अंदर पानी बरस रहा है.

मौसम से जुड़े चैनलों और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो ने विशाल गुफा के प्रवेश गेट, गिरते पानी और रंगीन वायुमंडलीय प्रभावों के इस अनोखे मेल को दुनिया के सामने ला दिया है.



Source link