बैंक या फाइनेंशियल इंस्टिट्यूशन से लोन के लिए आवेदन करने के बाद अगर आपका एप्लीकेशन रिजेक्ट हो जाता है, तो जरूरी नहीं कि आपकी आर्थिक स्थिति खराब हो या आप कर्ज चुकाने में सक्षम न हों. कई बार लोन रिजेक्ट होने की वजह अधूरा फाइनेंशियल डेटा, पुराना क्रेडिट रिकॉर्ड, क्रेडिट रिपोर्ट में गलती या आय का सही तरीके से साबित नहीं हो पाना भी हो सकता है. ऐसे में लोन रिजेक्ट होने के कारण को समझना जरूरी है, ताकि अगली बार आवेदन करने से पहले जरूरी सुधार किए जा सकें.
वित्तीय व्यवस्था में ऐसे लोगों को ‘इनविजिबल प्राइम’ कहा जाता है, जो लोन चुकाने की क्षमता रखते हैं, लेकिन जिनकी वित्तीय स्थिति पारंपरिक क्रेडिट रिकॉर्ड में पूरी तरह दिखाई नहीं देती. TransUnion CIBIL की जुलाई 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, रिटेल लोन डिस्ट्रिबुशन में पहली बार कर्ज लेने वाले ग्राहकों की हिस्सेदारी मार्च 2017 के 32% से घटकर मार्च 2026 में 13% रह गई. ऐसे में सवाल है कि लोन रिजेक्ट होने पर क्या करना चाहिए और अपनी क्रेडिट प्रोफाइल कैसे बेहतर बनाई जा सकती है? इस सवाल का जवाब जानने के लिए न्यूज18 हिंदी ने बात की सरलया (Saralya) के सीईओ और फाउंडर विशाल गुप्ता से बातचीत की.
लोन रिजेक्ट होने की क्या हो सकती हैं वजहें?
लोन देने से पहले बैंक आपकी आय, मौजूदा कर्ज, क्रेडिट हिस्ट्री और किस्त चुकाने की क्षमता का एनालिसिस करते हैं. अगर आपकी आय का पर्याप्त प्रमाण उपलब्ध नहीं है या बैंक स्टेटमेंट में वास्तविक कमाई की पूरी जानकारी नहीं दिखती, तो आवेदन खारिज हो सकता है.
उदाहरण के लिए, कोई कारोबारी नकद में अच्छी कमाई करता है, लेकिन उसके टैक्स रिटर्न और बैंक खाते में इसका पूरा रिकॉर्ड नहीं है. ऐसी स्थिति में बैंक के लिए उसकी वास्तविक भुगतान क्षमता (real paying capacity) का एनालिसिस करना मुश्किल हो सकता है.
इसके अलावा, क्रेडिट कार्ड का ज्यादा इस्तेमाल, पहले की ईएमआई में देरी, पहले से कई लोन होना और क्रेडिट रिपोर्ट में गलत जानकारी भी परेशानी पैदा कर सकती है. हालांकि, हर बैंक के नियम और लोन मंजूर करने के मानक अलग हो सकते हैं.
क्रेडिट रिपोर्ट की गलती भी बन सकती है वजह
कई बार किसी व्यक्ति की क्रेडिट रिपोर्ट में बंद हो चुका लोन सक्रिय दिखाई देता है या उसके नाम पर ऐसा खाता दर्ज होता है, जिसे उसने खोला ही नहीं. ऐसी गलतियों के कारण उसकी क्रेडिट प्रोफाइल प्रभावित हो सकती है. इसलिए लोन रिजेक्ट होने पर सबसे पहले अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करें. ये भी देखें कि उसमें दर्ज लोन, क्रेडिट कार्ड और भुगतान का रिकॉर्ड सही है या नहीं. अगर कोई गलती मिलती है, तो संबंधित बैंक या वित्तीय संस्थान और क्रेडिट ब्यूरो के पास शिकायत दर्ज कराएं.
अगर आपने पहले कभी लोन नहीं लिया है, तो आपकी क्रेडिट हिस्ट्री सीमित या मौजूद नहीं हो सकती. इसका मतलब यह नहीं है कि आप कर्ज चुकाने में असमर्थ हैं. हालांकि, क्रेडिट इतिहास न होने पर बैंक को आपकी भुगतान क्षमता जांचने के लिए दूसरे दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है.
लोन रिजेक्ट होने के बाद क्या करें?
विशाल गुप्ता, सीईओ और फाउंडर, सरलया (Saralya) के मुताबिक, लोन आवेदन रिजेक्ट होने के कारण को समझना और अपनी वित्तीय जानकारी को सही तरीके से प्रस्तुत करना अहम है. लोन देने के फैसले में सिर्फ क्रेडिट स्कोर ही नहीं, बल्कि आय की स्थिरता, मौजूदा देनदारियों और भुगतान क्षमता की भी भूमिका होती है.
लोन रिजेक्ट होने के बाद इन बातों पर ध्यान दें:
बैंक से कारण जानें: पता करें कि आवेदन आय, क्रेडिट स्कोर, दस्तावेजों या किसी दूसरी वजह से खारिज हुआ.
इनकम के डॉक्यूमेंट्स तैयार रखें: सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट, आयकर रिटर्न और कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड अपडेट रखें.
मौजूदा कर्ज कम करें: अगर आपकी आय के मुकाबले ईएमआई ज्यादा हैं, तो पहले कर्ज का बोझ घटाने की कोशिश करें.
बार-बार आवेदन न करें: कम समय में कई जगह लोन के लिए आवेदन करने से आपकी क्रेडिट प्रोफाइल पर असर पड़ सकता है. दोबारा आवेदन करने से पहले समस्या दूर करें.
छोटी शुरुआत से बनाएं बेहतर क्रेडिट हिस्ट्री
अगर आपने पहले कभी लोन नहीं लिया है, तो अपनी वित्तीय क्षमता के अनुसार छोटा लोन या अन्य उपयुक्त क्रेडिट ऑप्शन लेकर नियमित भुगतान के जरिए क्रेडिट हिस्ट्री बना सकते हैं. हालांकि, केवल क्रेडिट स्कोर बढ़ाने के लिए अनावश्यक कर्ज लेना सही नहीं है.
लोन देने वाले संस्थान भी ग्राहक की सहमति से अकाउंट एग्रीगेटर जैसी व्यवस्था के जरिए वेरिफाइड वित्तीय जानकारी देख सकते हैं. इससे बैंक खाते और दूसरे वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर पेमेंट कैपेसिटी समझने में मदद मिल सकती है. Sahamati के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में अकाउंट एग्रीगेटर व्यवस्था के माध्यम से अनुमानित 3.68 करोड़ लोन, कुल 3.82 लाख करोड़ रुपये के मूल्य के साथ संभव हुए. लोन आवेदन रिजेक्ट होना आपकी फाइनेंशियल कैपेसिटी पर अंतिम फैसला नहीं, बल्कि आपकी मौजूदा स्थिति को दिखाती है.