SBI SCO Recruitment 2026: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में शामिल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में नौकरी करने का मौका आया है. लेकिन इस बार भर्ती सामान्य बैंकिंग पदों के लिए नहीं बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा टेक्नोलॉजी से जुड़े अनुभवी प्रोफेशनल्स के लिए निकाली गई है. बैंक को ऐसे लोगों की जरूरत है जो AI, डेटा एनालिटिक्स, डेटा इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में काम कर चुके हैं. खास बात यह है कि कुछ पदों के लिए अधिकतम उम्र 55 साल रखी गई है. एसबीआई ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर (SCO) के पदों पर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. योग्य उम्मीदवार 19 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि बैंक में कौन-कौन से पद खाली हैं, किस पद के लिए कौन सी डिग्री चाहिए और नौकरी कैसे मिलेगी.
SBI में AI और डेटा टेक्नोलॉजी से जुड़े पदों पर भर्ती
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. इस भर्ती के जरिए बैंक अलग-अलग तकनीकी क्षेत्रों में काम कर चुके अनुभवी प्रोफेशनल्स को नियुक्त करना चाहता है.इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, डेटा इंजीनियरिंग, AI गवर्नेंस, टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर और AI ऑपरेशंस जैसे क्षेत्र शामिल हैं.बैंक ने जनरल मैनेजर एवं चीफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऑफिसर, डिप्टी जनरल मैनेजर, AI सॉल्यूशन आर्किटेक्ट और एंटरप्राइज AI आर्किटेक्ट जैसे पदों के लिए आवेदन मांगे हैं.ये नियुक्तियां नियमित स्थायी भर्ती की बजाय तय अवधि के कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएंगी.इच्छुक उम्मीदवार एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 19 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है.
जनरल मैनेजर और चीफ AI ऑफिसर के लिए 55 साल तक उम्र
एसबीआई की इस भर्ती में सबसे सीनियर पदों में जनरल मैनेजर एवं चीफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऑफिसर (General Manager & Chief AI Officer) का पद शामिल है.इस पद के लिए उम्मीदवार की उम्र कम से कम 40 साल और अधिकतम 55 साल होनी चाहिए.शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन जैसे विषयों में बीई, बीटेक या एमटेक की डिग्री होनी चाहिए.इसके अलावा निर्धारित शर्तों के अनुसार स्टैटिस्टिक्स या कंप्यूटर साइंस में एमएससी, स्टैटिस्टिक्स में एमए, एम.स्टैट या एमसीए की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं.इस पद के लिए उम्मीदवारों को अपने संबंधित क्षेत्र में जरूरी प्रोफेशनल अनुभव और अन्य शर्तें भी पूरी करनी होंगी.
डिप्टी जनरल मैनेजर के किन पदों पर होगी भर्ती?
एसबीआई ने डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) की श्रेणी में तीन अलग-अलग स्पेशलाइज्ड पदों के लिए आवेदन मांगे हैं.
पहला पद डिप्टी जनरल मैनेजर- रिस्क एंड ऑपरेशनल एनालिटिक्स (Risk & Operational Analytics) का है. यह पद रिस्क और ऑपरेशंस से जुड़े डेटा एनालिसिस के क्षेत्र से संबंधित है.
दूसरा पद डिप्टी जनरल मैनेजर- AI गवर्नेंस एंड कंप्लायंस (AI Governance & Compliance) का है. यह क्षेत्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल में नियमों, निगरानी और कंप्लायंस से जुड़ा है.
तीसरा पद डिप्टी जनरल मैनेजर – डेटा इंजीनियरिंग, मॉडल एप्लीकेशन डेवलपमेंट एंड AI ऑपरेशंस (Data Engineering, Model Application Development & AI Operations) का है.इस पद का संबंध डेटा इंजीनियरिंग, AI मॉडल से जुड़े एप्लीकेशन डेवलपमेंट और AI सिस्टम के ऑपरेशंस से है.इन तीनों पदों के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 35 साल और अधिकतम उम्र 50 साल निर्धारित की गई है.
DGM पदों के लिए कौन सी डिग्री चाहिए?
डिप्टी जनरल मैनेजर के इन तीनों पदों के लिए संबंधित तकनीकी विषयों में बीई, बीटेक या एमटेक की डिग्री मांगी गई है.इसके अलावा स्टैटिस्टिक्स या कंप्यूटर साइंस में एमएससी, स्टैटिस्टिक्स में एमए, एम.स्टैट या एमसीए की डिग्री वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं हालांकि केवल डिग्री के आधार पर पात्रता तय नहीं होगी. इन पदों के लिए संबंधित तकनीकी क्षेत्र में अनुभव और अन्य जरूरी शर्तों को भी पूरा करना होगा.
AI सॉल्यूशन आर्किटेक्ट बनने के लिए क्या योग्यता चाहिए?
एसबीआई की इस भर्ती में AI सॉल्यूशन आर्किटेक्ट (AI Solution Architect) का पद भी शामिल है.इस पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 30 से 45 साल के बीच होनी चाहिए.आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, मैनेजमेंट या संबंधित विषय में ग्रेजुएशन अथवा पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए.इस पद के लिए बैंक ऐसे उम्मीदवारों की तलाश कर रहा है जो AI और संबंधित टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में जरूरी योग्यता तथा निर्धारित प्रोफेशनल अनुभव रखते हों.
एंटरप्राइज AI आर्किटेक्ट के लिए भी मौका
बैंक ने एंटरप्राइज AI आर्किटेक्ट (Enterprise AI Architect) के पद के लिए भी आवेदन मांगे हैं.इस पद के लिए भी उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 30 साल और अधिकतम उम्र 45 साल होनी चाहिए.शैक्षणिक योग्यता के तहत कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या समकक्ष विषय में ग्रेजुएशन अथवा पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री जरूरी है.डिग्री किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से हासिल की गई होनी चाहिए.उम्मीदवारों को इस पद के लिए निर्धारित अनुभव और दूसरी पात्रता शर्तों को भी पूरा करना होगा.
SBI में नौकरी के लिए लिखित परीक्षा होगी या इंटरव्यू?
एसबीआई की इस स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर भर्ती में चयन प्रक्रिया सामान्य बैंकिंग भर्तियों से अलग रखी गई है.उपलब्ध भर्ती विवरण के अनुसार उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और सीटीसी नेगोशिएशन के आधार पर किया जाएगा.सबसे पहले आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य निर्धारित मानदंडों के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी.इसका मतलब है कि आवेदन करने वाले सभी उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना जरूरी नहीं है.शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को अगले चरण में इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा.
इंटरव्यू 100 अंकों का होगा
एसबीआई की इस भर्ती में इंटरव्यू कुल 100 अंकों का होगा.उम्मीदवारों की अंतिम मेरिट लिस्ट इंटरव्यू में मिले अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी. इंटरव्यू में उम्मीदवार की टेक्निकल जानकारी, संबंधित क्षेत्र में अनुभव और प्रोफेशनल कामकाज से जुड़े पहलुओं का मूल्यांकन किया जा सकता है इसलिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपनी पढ़ाई के साथ-साथ पिछले कार्य अनुभव और तकनीकी प्रोजेक्ट्स की जानकारी भी अच्छी तरह तैयार रखनी चाहिए.
कुछ पदों के लिए 10 मिनट का प्रेजेंटेशन भी देना होगा
इस भर्ती की एक खास बात यह है कि कुछ सीनियर पदों के लिए इंटरव्यू के साथ प्रेजेंटेशन की शर्त भी रखी गई है.विस्तृत भर्ती अधिसूचना में बताए गए शुरुआती चार पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को 10 मिनट का प्रेजेंटेशन देना होगा.इस प्रेजेंटेशन में उम्मीदवारों को अपने संबंधित कार्यक्षेत्र, पहले किए गए प्रोजेक्ट्स और प्रोफेशनल उपलब्धियों के बारे में जानकारी देनी होगी.इसका उद्देश्य उम्मीदवार के अनुभव, तकनीकी समझ और उसके काम की जानकारी प्राप्त करना है इसलिए इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपने महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स और उनमें निभाई गई भूमिका के बारे में स्पष्ट रूप से बताने की तैयारी करनी चाहिए.
CTC कितनी होगी?
एसबीआई की इस भर्ती में इंटरव्यू के बाद सीटीसी नेगोशिएशन (CTC Negotiation) का चरण भी शामिल है.सीटीसी का मतलब कॉस्ट टू कंपनी (Cost to Company) होता है. आसान भाषा में समझें तो यह किसी कर्मचारी पर नियोक्ता की ओर से होने वाले कुल सालाना खर्च या वेतन पैकेज से जुड़ा होता है.इस चरण में चयनित उम्मीदवारों के वेतन पैकेज को लेकर बातचीत की जाएगी चूंकि भर्ती तय अवधि के कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जा रही है इसलिए उम्मीदवारों को नियुक्ति की अवधि, वेतन पैकेज और दूसरी सेवा शर्तों की जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन से जरूर लेनी चाहिए.
SBI SCO Recruitment 2026 के लिए आवेदन कैसे करें?
एसबीआई की इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को बैंक की आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in पर जाना होगा.वेबसाइट पर करियर या भर्ती से जुड़े सेक्शन में स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन देखना होगा.इसके बाद उम्मीदवारों को संबंधित विज्ञापन खोलकर पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता, उम्र, प्रोफेशनल अनुभव और आवेदन से जुड़े निर्देश ध्यान से पढ़ने चाहिए.पात्र उम्मीदवार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करके आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं.आवेदन पत्र में व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और रोजगार से जुड़ी जानकारी भरनी होगी.इसके बाद निर्धारित प्रारूप में जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे.आवेदन जमा करने से पहले सभी विवरण अच्छी तरह जांच लेने चाहिए ताकि किसी तरह की गलती न रह जाए.इसके बाद दिए गए निर्देशों के अनुसार ऑनलाइन आवेदन जमा किया जा सकता है.एसबीआई की स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 19 नवंबर 2026 है.