आज 21 अक्टूबर को शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत के बाद गिरावट देखने को मिली. इसी बीच PC Jeweller और Yes Bank के शेयरों में बिल्कुल अलग प्राइस मूवमेंट देखने को मिला. PC Jeweller के शेयर करीब 6% चढ़कर 19.13 रुपये के नए 52 वीक के हाई लेवल पर पहुंच गए. दूसरी ओर, Yes Bank के शेयर करीब 4% गिरकर 16.25 रुपये के आसपास आ गए. दोनों कंपनियों से जुड़ी खबरों ने निवेशकों का ध्यान खींच लिया है. जहां PC Jeweller के लिए कर्ज चुकाकर कर्ज मुक्त होना पॉजिटिव संकेत माना जा रहा है. वहीं, Yes Bank के मामले में सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले से बैंक की कैपिटल और मुनाफे पर संभावित असर को लेकर चिंता बढ़ी है.
PC Jeweller के शेयरों में तेजी केवल एक दिन तक सीमित नहीं है. शेयर ने 2026 में अब तक 100% से ज्यादा रिटर्न दिया है. वही, Yes Bank के शेयर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद से करीब 20% टूट चुके हैं. इन दोनों शेयरों में हलचल की वजह क्या है और ब्रोकरेज की राय क्या कहती है.
PC Jeweller के शेयरों में क्यों आई तेजी?
PC Jeweller के शेयरों में तेजी की एक बड़ी वजह कंपनी का कर्ज मुक्त होना है. कंपनी ने सितंबर में बताया था कि उसने 14 बैंकों के कंसोर्टियम का पूरा बकाया चुका दिया है. इससे वह तय समय से पहले कर्ज मुक्त हो गई. मार्च 2024 में कंपनी पर इन बैंकों का करीब 4,100 करोड़ रुपये का कर्ज था. इस कंसोर्टियम में SBI, PNB, यूनियन बैंक, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक सहित कई बैंक शामिल थे.
कंपनी के मुताबिक, कर्ज चुकाने से उसकी वित्तीय स्थिति और बैलेंस शीट मजबूत होगी. इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ने की उम्मीद है. इसके अलावा, इसी महीने Cupid Ltd के प्रमोटर आदित्य कुमार हलवासिया ने PC Jeweller के 5.10 करोड़ शेयर खरीदे थे. इस खरीदारी से भी शेयर को लेकर मार्केट व्यू मजबूत हुआ है.
बुधवार को शेयर 19.13 रुपये तक पहुंच गया. पिछले एक हफ्ते में इसमें 28% से ज्यादा और एक महीने में करीब 45% की तेजी आई है. कंपनी का बाजार पूंजीकरण बढ़कर लगभग 18,636 करोड़ रुपये हो गया.
Yes Bank के शेयर क्यों गिरे?
Yes Bank के शेयरों पर सुप्रीम कोर्ट के AT-1 बॉन्ड से जुड़े फैसले का दबाव है. इन बॉन्ड की कुल कीमत करीब 8,415 करोड़ रुपये है. पहले इन बॉन्ड को राइट-डाउन कर दिया गया था, लेकिन अदालत के फैसले के बाद इन्हें बहाल करने का मामला सामने आया है. इससे बैंक की वित्तीय स्थिति पर संभावित असर को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ी है.
ब्रोकरेज फर्म Nomura के मुताबिक, इस फैसले से बैंक के मुनाफे पर टैक्स के बाद करीब 6,300 करोड़ रुपये का असर पड़ सकता है. इसके अलावा, बैंक का कॉमन इक्विटी टियर-1 (CET-1) अनुपात करीब 230 बेसिस पॉइंट घट सकता है. फिलहाल यह अनुपात 13.7% बताया गया है. CET-1 अनुपात बैंक की वित्तीय मजबूती और नुकसान सहने की क्षमता का अहम फैक्टर है.
Nomura ने Yes Bank का टारगेट घटाया
AT-1 बॉन्ड मामले के संभावित असर को देखते हुए Nomura ने Yes Bank के शेयर का टारगेट प्राइस 23 रुपये से घटाकर 18 रुपये कर दिया है. हालांकि, ब्रोकरेज ने शेयर पर अपनी रेटिंग ‘न्यूट्रल’ रखी है. यानी उसने शेयर पर न तो पॉजिटिव और न ही नेगेटिव रुख अपनाया है. बैंक ने हालिया तिमाही में टैक्स से पहले 1,360 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जो पिछली तिमाही से 4% ज्यादा था. हालांकि, नेट इंटरेस्ट मार्जिन घटकर 2.69% रह गया. Nomura ने यह भी बताया कि बैंक के मुख्य परिचालन मुनाफे पर कम फीस आय और ज्यादा खर्च का असर पड़ा.
PC Jeweller के मामले में कर्ज मुक्त होने से कंपनी की वित्तीय स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है, जबकि Yes Bank के सामने AT-1 बॉन्ड से जुड़े फैसले के वित्तीय असर को लेकर अनिश्चितता है. हालांकि, किसी शेयर में तेजी या गिरावट के आधार पर भविष्य के रिटर्न का अनुमान नहीं लगाया जा सकता. निवेशकों को कंपनी के नतीजों, कर्ज, फंड कंडिशन और शेयर की मौजूदा कीमत का एनालिसिस करने के बाद ही निवेश का फैसला लेना चाहिए.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)