Last Updated:
Virbhadra Singh Statue Politics: शिमला में वीरभद्र सिंह की मूर्ति के अनावरण में सीएम सुक्खू के ना आने पर सियासत गरमा गई है. भाजपा ने कांग्रेस में गुटबाजी का आरोप लगाया, जिस पर सीएम सुक्खू और विक्रमादित्य सिंह ने पलटवार किया है.
दिवंगत कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह की मूर्ति के अनावरण में सीएम सुक्खू के ना आने पर सियासत तेज हो गई है.
शिमला. हिमाचल प्रदेश में छह बार के सीएम रहे दिवंगत कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह की मूर्ति के अनावरण में सीएम सुक्खू के ना आने पर सियासत तेज हो गई है. भाजपा ने जहां सीएम के कार्यक्रम से दूरी बनाने पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी हावी है. वहीं, सीएम सुक्खू के अलावा, कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय मीडिया के सामने रखी है.
शिमला में सीएम सुक्खू ने बुधवार 21 अक्तूबर को कहा कि सराहन में हमारे नेता स्वर्गीय वीरभद्र सिंह जी की मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम संपन्न हुआ. इससे पहले, राजधानी शिमला के रिज मैदान में उनकी मूर्ति के अनावरण के समय सोनिया गांधी जी, प्रियंका गांधी जी और मैं स्वयं उपस्थित थे. उस अवसर पर पूरी कांग्रेस पार्टी भी मौजूद थी. कांग्रेस पार्टी में कोई गुटबाज़ी नहीं है. सीएम कहते हैं कि जयराम जी खुद गुटबाजी में उलझे हुए हैं, जबकि भाजपा पाँच गुटों में बंटी है. भाजपा के नेता ही एक-दूसरे का नाम लेकर अपनी पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को उजागर करते हैं. राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन जी राजनीति में मुझसे बाद में आए हैं. मैं उनसे पहले NSUI का अध्यक्ष बना था और पार्टी के अन्य पदों पर भी रहा हूं.
बीजेपी के आरोपों पर विक्रमादित्य सिंह क्या बोले
उधर, वीरभद्र सिंह के बेटे और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस मुद्दे पर कहा कि बीजेपी बिना मतलब के गैर जिम्मेदाराना बात कर रही है, यह जिला स्तर के कार्यक्रम था, सबको बुलाया गया था, जो आ सकते थे वो आए. वो स्थान वीरभद्र सिंह की जन्मस्थली है, इसलिए स्थानीय लोग भी चाहते थे कि वहां पर उनकी मूर्ति होनी चाहिए. इस कार्यक्रम को बीजेपी का गुटबाजी कहना, ये छोटी सोच को दर्शाता है.ऐसी छोटी सोच किसी की नहीं होनी चाहिए थी, इसको तूल देना सही नहीं. विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्य कार्यक्रम शिमला में रिज मैदान पर हो चुका है, उसमें कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद थे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी आईं थी.
वीरभद्र धड़े ने की थी शिरकत
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की याद में शिमला के रामपुर बुशहर के सराहन में माता भीमा काली मंदिर परिसर में उनकी प्रतिमा का अनावरण 18 अक्तूबर को किया गया था. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक रघुबीर सिंह बाली समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. ऐसे में चर्चाएं होने लगी थी कि विक्रमादित्य सिंह ने शक्ति प्रदर्शन किया है और आरोप लग रहे थे कि इस कार्यक्रम में सुक्खू गुट ने दूरी बनाई थी.