Last Updated:
गुना की बृजबिहार कॉलोनी में 21 अक्टूबर की रात 26 वर्षीय लक्ष्मी सेन की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई. महिला का शव हेमलिन होटल के पीछे स्थित जीजा के मकान में मिला. घटना के बाद से पति राकेश सेन फोन बंद कर फरार है. पुलिस अवैध संबंधों सहित सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
मृतक महिला लक्ष्मी सेन. (फाइल फोटो)
गुना: कैंट थाना क्षेत्र की बृजबिहार कॉलोनी में बुधवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां 26 वर्षीय लक्ष्मी सेन की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई. वारदात के बाद से महिला का पति राकेश सेन फरार है और उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है.
जीजा के मकान में मिला खून से लथपथ शव
घटना की सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. लक्ष्मी सेन का शव उसके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित जीजा के मकान में मिला. यह मकान हेमलिन होटल के पीछे स्थित है. जीजा के घर में शव के पास काफी खून पड़ा हुआ था और महिला के गले पर धारदार हथियार से काटे जाने के गहरे निशान मिले. सूचना मिलते ही सीएसपी सैफा हाशमी और कैंट थाना प्रभारी टीआई अनूप भार्गव घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया.
15 दिन पहले हुई थी लापता, हिमाचल से आई थी वापस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी सेन करीब 15 दिन पहले अचानक अपने घर से लापता हो गई थी. उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी. पुलिस तलाश के दौरान 16 अक्टूबर को उसे हिमाचल प्रदेश से बरामद कर गुना लेकर आई थी. लेकिन, गुना वापस आने के महज कुछ ही दिन बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या हो गई.
पति पर गहराया शक, अवैध संबंधों का भी पहलू
पुलिस को मृतका के पति राकेश सेन पर हत्या का मुख्य संदेह है. वारदात के बाद से उसके फरार होने और मोबाइल बंद होने से पुलिस का शक और गहरा गया है. मामले में अवैध संबंधों के कारण हत्या किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि, हत्या की असल वजह और आरोपी की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस इस पहलू सहित सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई जारी है. आरोपी की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी.