Last Updated:
Habibganj Police Station Viral Video: भोपाल के हबीबगंज थाने में मारपीट और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. थाने के अंदर बदमाश मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से उलझते नजर आ रहे हैं. पुलिसकर्मी और बदमाशों के बीच हुई झड़प का वीडियो वायरल होने के बाद लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.
हबीबगंज थाने में पुलिस और बदमाशों के बीच झड़प
भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र में उस समय अफरा तफरी मच गई है जब थाने के अंदर बदमाशों ने जमकर हंगामा किया. थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें शांत रहने और बाहर जाने के लिए कहा तो बदमाश उनपर ही हावी हो गए. इस दौरान थाने में पुलिसकर्मियों और बदमाशों के बीच जमकर झड़प हुई. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक हवलदार और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से उलझते नजर आ रहे हैं.
वायरल वीडियो हबीबगंज थाना परिसर का है. जानकारी के अनुसार इलाके का बदमाश लड्डू राय मारपीट के मामले में एक पक्ष के तरफ से थाने आया था. इस दौरान थाने में दोनों पक्षों में विवाद और बढ़ गया. विवाद को शांत करने के लिए पुलिसकर्मियों ने उन्हें बाहर जाने को कहा तो लड्डू राय ने पुलिसकर्मी पर ही हाथ उठा दिया. मारपीट में लड्डू राय ने पुलिसकर्मी की वर्दी तक फाड़ दी. जिसके बाद हबीबगंज पुलिस ने लड्डू राय को हिरासत में ले लिया है और एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. इस मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है. थाने में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ऑटो पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच ऑटो पार्किंग की जगह को लेकर विवाद हुआ था. विवाद ज्यादा बढ़ने पर दोनों पक्ष हबीबगंज थाने गए थे. इसी दौरान बदमाश लड्डू राय अपने छह-साथ साथियों के साथ थाने पहुंच गया और दूसरे पक्ष को धमकाने लगा. जिस वजह से दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और बात मारपीट तक पहुंच गई. हंगामे के शांत करने के लिए पुलिसकर्मियों को बीच ने आना पड़ा तो बदमाशों ने उनके साथ ही झगड़ा शुरू कर दिया. घटना का वीडियो वारल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
थाने के भीतर ही खाकी के साथ इस तरह का बर्ताव कई सवाल खड़े करता है. आखिर बदमाशों में कानून का डर कितना बचा है? जब थाने का परिसर ही सुरक्षित नहीं, तो शहर की कानून-व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है.