Last Updated:
Kushagra Sagar Resign : यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बदायूं की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. बिसौली से बीजेपी के पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने 11 साल तक संगठन के लिए काम करने के बावजूद सम्मान और अपनापन नहीं मिलने की बात कही है.
सीएम योगी के साथ भाजपा के पूर्व विधायक की तस्वीर
बदायूं: यूपी में बदायूं के बिसौली विधानसभा से भाजपा के पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने पार्टी के सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. इस दौरान वे काफी दुखी और आहत भी थे. उन्होंने कहा कि अपेक्षित सम्मान और अपनापन नहीं मिला. जिससे मन को गहरी ठेस लगी है. उनके इस्तीफे के बाद कयास लगाया जा रहा है कि वे समाजवादी पार्टी में जा सकते है.
पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि किसी भी संगठन में 11 वर्षों तक पूरी निष्ठा समर्पण और ईमानदारी के साथ जुड़े रहना, उस संगठन के कार्यकर्ताओं की सेवा में अपना 100% देना और तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संगठन के लिए हर संभव प्रयास करना यह केवल राजनीतिक जुड़ाव नहीं बल्कि एक भावनात्मक रिश्ता होता है.
अपेक्षित सम्मान और नहीं मिलता अपनापन
उन्होंने आगे लिखा कि जब इतने वर्षों की मेहनत निष्ठा और समर्पण के बदले अपेक्षित सम्मान और अपनापन नहीं मिलता, तो मन को गहरी ठेस पहुंचती है. यह पीड़ा केवल पद या प्रतिष्ठा न मिलने की नहीं बल्कि उस सम्मान और विश्वास के टूटने की होती है जिसे इंसान वर्षों तक अपने दिल में संजोकर रखता है.
11 वर्षों तक भाजपा के लिए किया करता
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में अपनी तमाम व्यक्तिगत कठिनाइयों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भारतीय जनता पार्टी के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया. पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए जहां तक मेरी क्षमता और सामर्थ्य थी मैंने हर संभव प्रयास किया. मैंने हमेशा संगठन को अपना परिवार समझा और उसकी मजबूती के लिए अपना बहुमूल्य समय ऊर्जा और समर्पण दिया.
मेरे लिए यह निर्णय आसान नहीं है क्योंकि इन 11 वर्षों से जुड़ी अनेक यादें अनुभव और भावनाएं इस सफर का हिस्सा रही हैं. मैं भारतीय जनता पार्टी में बिताए गए समय मिले अवसरों और इस दौरान प्राप्त अनुभवों के लिए हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूं.
समाजवादी पार्टी में जाने की अटकलें तेज
पूर्व विधायक कुशाग्र सागर के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारे में हलचल तेज हो गई है. कयास लगाया जा रहा है कि वे समाजवादी पार्टी का दामन थामेंगे. वर्तमान समाजवादी पार्टी के विधायक आशुतोष मौर्या द्वारा विद्रोह करने के बाद और भाजपा से नजदीकी का कारण कुशाग्र सागर का इस्तीफा बताया जा रहा है.
पिता काट रहे उम्रकैद की सजा
बताते चले कि कुशाग्र सागर के पिता पूर्व विधायक योगेंद्र सागर बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे है. जबकि, कुशाग्र सागर ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर बिसौली सुरक्षित सीट से जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया था. वर्ष 2022 में पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताया, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
Written by: Ujjawal Singh