मुंगेर में दो रोड एक्सीडेंट… 2 लोगों की मौत, महिला सिपाही समेत अन्य घायल

मुंगेर में दो रोड एक्सीडेंट… 2 लोगों की मौत, महिला सिपाही समेत अन्य घायल


Last Updated:

Munger News: मुंगेर में मंगलवार शाम एक के बाद एक दो रोड एक्सीडेंट हो गए. इनमें दो लोगों की मौत हो गई. जबकि एक महिला सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गईं. उनके साथ मौजूद एक अन्य सिपाही का इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि दोनों हादसे बरियापुर फोरलेन पर हुए. घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

Zoom

मुंगेर में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत.

मुंगेरः बिहार के मुंगेर में बीता दिन हादसों को मंगलवार साबित हुआ. बरियारपुर फोरलेन पर दो एक्सीडेंट हो गए. रतनपुर के समीप किचनिया पीपर के पास पहले अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि एक युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर शव की निगरानी कर रही थी, तभी एक और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी. इस दूसरे हादसे में महिला सिपाही चंचला कुमारी और चौकीदार चरित्र पासवान घायल हो गए. महिला सिपाही की हालत गंभीर बताई जा रही है.

दोनों हादसे मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर के समीप किचनिया पीपर के पास हुए. मंगलवार की शाम करीब सात बजे फोरलेन पर एक के बाद एक दो सड़क हादसे हुए. जानकारी के मुताबिक, पहली घटना में एक अज्ञात वाहन ने दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में दोनों की मौत हो गई. घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों की निगरानी शुरू कर दी.

महिला सिपाही की हालत गंभीर
इसी बीच एक और हादसा हो गया. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मौके पर मौजूद महिला सिपाही चंचला कुमारी और चौकीदार चरित्र पासवान को टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल महिला सिपाही और चौकीदार को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. महिला सिपाही चंचला कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है.

मृतकों की पहचान कर रही पुलिस
घटनाक्रम को लेकर ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि पहली घटना के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान दूसरे सड़क हादसे में एक युवक की मौत की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी वहां चले गए. इसी बीच घटनास्थल पर शव की निगरानी कर रहे पुलिसकर्मियों को एक अन्य अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. फिलहाल, पुलिस मृतकों की पहचान करने और दोनों हादसों में शामिल अज्ञात वाहनों का पता लगाने में जुटी है.



Source link