Last Updated:
बिहार के गया जी में बड़ी घटना हो गई. यहां दरोगा के ही बेटों को गोली मार दी गई. इस घटना के बाद से आसपास के इलाके में खौफ का माहौल है. लोगों के बीच इस बात की भी चर्चा है कि जब पुलिस के ही बच्चे सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोग अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा किसके भरोसे करेंगे. यहां दरोगा के दो बेटों को अपराधियों ने गोली मार दी.
गयाजी: बिहार के गया जी में दरोगा के दो बेटों को गोली मारने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. दरोगा के बेटों को गोली मारने वाले 2 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इनमें अपराधी गौरव कुमार और नागेंद्र सिंह की गिरफ्तारी हुई है. दुर्गा प्रतिमा के पास फायरिंग करने को लेकर विवाद हुआ था. फायरिंग की इस घटना में दरोगा के एक बेटे की मौत हो गई है और दूसरे का पटना में इलाज चल रहा है. रात को हुए आपसी विवाद में अपराधियों ने दो भाइयों को गोली मारी थी. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिद्धार्थपुरी कॉलोनी के पास इस घटना को अंजाम दिया गया. स्थानीय पुलिस ने एक सेवानिवृत्त दरोगा समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. रिटायर्ड दारोगा के बेटे बादल का नाम इस गोलीकांड में सामने आ रहा है. वह भी मृतक के मोहल्ले सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में रहता है. हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस ने घटनास्थल से 7.65 एमएम के तीन खोखे बरामद किए हैं. एफएसएल की टीम ने भी मौके से खून के नमूने जुटाए हैं. पुलिस वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाकर आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करने के साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है.
यह घटना गया जी जिले के मानपुर स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले के निकट हुई थी. यहां मोतिहारी में तैनात दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों रानू सिंह (30) और मोनू सिंह (32) को गोली मार दी गयी थी. गोली लगने से छोटे बेटे रानू सिंह की मौत हो गयी, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये. उनका इलाज मगध मेडिकल अस्पताल में चल रहा है.
परिजनों के अनुसार, मोहल्ले में कुछ दूरी पर किसी व्यक्ति के साथ विवाद हुआ था. इसके बाद दोनों भाइयों को फोन कर मौके पर बुलाया गया. वहां पहुंचने के बाद अपराधियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें दोनों एक भाई की मौत हो गई और दूसरा घायल है. पुलिस इस हत्याकांड में शामिल बाकी लोगों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है. मामले में पूछताछ और जांच के आधार पर घटना के कारणों तथा सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है.