Supreme Court Recruitment 2026, Jobs: सुप्रीम कोर्ट में नौकरी, सैलरी 1.51 लाख तक, ग्रेजुएटस के लिए सुनहरा मौका

Supreme Court Recruitment 2026, Jobs: सुप्रीम कोर्ट में नौकरी, सैलरी 1.51 लाख तक, ग्रेजुएटस के लिए सुनहरा मौका


Supreme Court Senior Personal Assistant Recruitment 2026: ग्रेजुएशन कर चुके युवाओं के लिए देश की सबसे बड़ी अदालत में सरकारी नौकरी पाने का मौका आया है. सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया ने सीनियर पर्सनल असिस्टेंट के 65 पदों पर भर्ती निकाली है. इन पदों के लिए 20 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो रहे हैं. चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-8 के तहत 47,600 रुपये शुरुआती मूल वेतन मिलेगा जो वेतनमान में आगे चलकर 1,51,100 रुपये प्रति माह तक पहुंच सकता है हालांकि इस नौकरी के लिए केवल ग्रेजुएशन की डिग्री होना काफी नहीं है. उम्मीदवारों को अंग्रेजी शॉर्टहैंड और कंप्यूटर टाइपिंग में भी निर्धारित स्पीड हासिल करनी होगी. आइए जानते हैं कि इस भर्ती में कौन आवेदन कर सकता है, परीक्षा में क्या पूछा जाएगा और नौकरी पाने के लिए किन चरणों से गुजरना होगा.

सुप्रीम कोर्ट में भर्ती, 10 नवंबर तक मौका

सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया ने सीनियर पर्सनल असिस्टेंट (Senior Personal Assistant) के कुल 65 पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. ये पद ग्रुप-बी गैर-राजपत्रित श्रेणी में आते हैं. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 अक्टूबर 2026 से शुरू हो रही है. इच्छुक उम्मीदवार 10 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. भर्ती के लिए वस्तुनिष्ठ परीक्षा की संभावित तारीख भी घोषित कर दी गई है. यह परीक्षा 7 दिसंबर 2026 को आयोजित की जा सकती है. इसके अगले दिन यानी 8 दिसंबर को उत्तर कुंजी जारी करने का कार्यक्रम है. उम्मीदवारों को उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 8 और 9 दिसंबर का समय मिलेगा.

ग्रेजुएशन के अलावा शॉर्टहैंड और टाइपिंग भी 

सुप्रीम कोर्ट में सीनियर पर्सनल असिस्टेंट बनने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है. यानी किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल कर चुके उम्मीदवार शैक्षणिक योग्यता की शर्त पूरी कर सकते हैं हालांकि इस भर्ती की सबसे खास बात अंग्रेजी शॉर्टहैंड और कंप्यूटर टाइपिंग की अनिवार्यता है. उम्मीदवार की अंग्रेजी शॉर्टहैंड स्पीड कम से कम 110 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए. इसके अलावा कंप्यूटर पर अंग्रेजी टाइपिंग की गति 40 शब्द प्रति मिनट होना जरूरी है. कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान भी होना चाहिए.
इसका मतलब है कि केवल ग्रेजुएशन की डिग्री के आधार पर नौकरी नहीं मिलेगी. उम्मीदवार को लिखित परीक्षा के साथ शॉर्टहैंड और टाइपिंग की परीक्षा भी पास करनी होगी.

18 से 30 साल के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

सुप्रीम कोर्ट की इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम उम्र 30 साल निर्धारित की गई है.उम्र की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी यानी इस तारीख को उम्मीदवार की उम्र 18 साल से कम और 30 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए हालांकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पात्र आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी. उम्र में छूट की विस्तृत शर्तें आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में देखी जा सकती हैं.

कितनी होगी सैलरी?

सीनियर पर्सनल असिस्टेंट के पद पर चयनित उम्मीदवारों को वेतन मैट्रिक्स के लेवल-8 के अनुसार वेतन दिया जाएगा.इस पद पर शुरुआती मूल वेतन 47,600 रुपये प्रति माह निर्धारित है. वेतनमान की अधिकतम सीमा 1,51,100 रुपये प्रति माह है.इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों को नियमानुसार लागू अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे हालांकि यहां यह समझना जरूरी है कि 1,51,100 रुपये शुरुआती वेतन नहीं है. यह इस पद के वेतनमान की अधिकतम मूल वेतन सीमा है. नौकरी की शुरुआत 47,600 रुपये मूल वेतन से होगी जिसके साथ लागू भत्ते जुड़ेंगे.

नौकरी पाने के लिए देनी होंगी कई परीक्षाएं

सुप्रीम कोर्ट में सीनियर पर्सनल असिस्टेंट के पद पर चयन के लिए उम्मीदवारों को कई चरणों से गुजरना होगा.सबसे पहले वस्तुनिष्ठ परीक्षा होगी. इसके बाद अंग्रेजी शॉर्टहैंड कौशल परीक्षा और कंप्यूटर टाइपिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी. चयन प्रक्रिया में साक्षात्कार भी शामिल है.इन परीक्षाओं के जरिए उम्मीदवारों की सामान्य जानकारी, अंग्रेजी भाषा, न्यायपालिका से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों, सुप्रीम कोर्ट के नियमों और कंप्यूटर की जानकारी को परखा जाएगा. इसके साथ ही शॉर्टहैंड और टाइपिंग में उम्मीदवार की वास्तविक गति और दक्षता भी जांची जाएगी.

लिखित परीक्षा में आएंगे 100 सवाल

सीनियर पर्सनल असिस्टेंट भर्ती की वस्तुनिष्ठ परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी. उम्मीदवारों को पेपर हल करने के लिए 90 मिनट यानी डेढ़ घंटे का समय मिलेगा.इस परीक्षा में पांच विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे.सामान्य अंग्रेजी से 25 प्रश्न होंगे. सामान्य ज्ञान से भी 25 प्रश्न पूछे जाएंगे. न्यायपालिका से संबंधित संवैधानिक प्रावधानों से 25 प्रश्न आएंगे. इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के नियमों से 15 प्रश्न और कंप्यूटर ज्ञान से 10 प्रश्न पूछे जाएंगे.इस तरह कुल 100 प्रश्नों का पेपर होगा. उम्मीदवारों के लिए राहत की बात यह है कि इस वस्तुनिष्ठ परीक्षा में गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे यानी निगेटिव मार्किंग नहीं होगी.

शॉर्टहैंड के 100 और टाइपिंग के 20 अंक

लिखित परीक्षा के अलावा उम्मीदवारों को अंग्रेजी शॉर्टहैंड और कंप्यूटर टाइपिंग की परीक्षा भी देनी होगी.अंग्रेजी शॉर्टहैंड कौशल परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी. इसमें उम्मीदवार को 110 शब्द प्रति मिनट की निर्धारित गति हासिल करनी होगी.इसी तरह कंप्यूटर टाइपिंग की परीक्षा 20 अंकों की होगी. इसमें 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड जरूरी है.इस भर्ती की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के साथ शॉर्टहैंड और टाइपिंग का भी नियमित अभ्यास करना होगा क्योंकि चयन प्रक्रिया में इन दोनों कौशलों की जांच की जाएगी.

इंटरव्यू में कम से कम 15 अंक लाने होंगे

सुप्रीम कोर्ट की इस भर्ती में साक्षात्कार भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा होगा.इंटरव्यू कुल 30 अंकों का निर्धारित किया गया है. उपलब्ध भर्ती विवरण के अनुसार साक्षात्कार में उत्तीर्ण होने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 15 अंक हासिल करने होंगे.इस तरह भर्ती प्रक्रिया में वस्तुनिष्ठ परीक्षा के 100 अंक, शॉर्टहैंड परीक्षा के 100 अंक, कंप्यूटर टाइपिंग के 20 अंक और साक्षात्कार के 30 अंक निर्धारित हैं.इन सभी चरणों के आधार पर उम्मीदवारों की योग्यता और कौशल का आकलन किया जाएगा. अंतिम चयन और मेरिट तैयार करने के नियम आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार लागू होंगे.

आवेदन के लिए कितनी फीस देनी होगी?

सुप्रीम कोर्ट सीनियर पर्सनल असिस्टेंट भर्ती में आवेदन शुल्क उम्मीदवार की श्रेणी के अनुसार अलग-अलग रखा गया है.सामान्य और अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 1,500 रुपये शुल्क देना होगा वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग के नॉन-क्रीमी लेयर (OBC-NCL), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), दिव्यांगजन और भूतपूर्व सैनिक श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये निर्धारित किया गया है.उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा. इसके लिए यूको बैंक का पेमेंट गेटवे उपलब्ध कराया जाएगा.आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार शुल्क और किसी भी लागू छूट की शर्तों को आधिकारिक अधिसूचना में जरूर जांच लेना चाहिए.

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?

सीनियर पर्सनल असिस्टेंट के पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट पर जाना होगा.वेबसाइट पर सीनियर पर्सनल असिस्टेंट भर्ती 2026 से संबंधित अधिसूचना और ऑनलाइन आवेदन का लिंक मिलेगा.सबसे पहले उम्मीदवारों को भर्ती अधिसूचना पढ़कर अपनी पात्रता जांचनी चाहिए. इसके बाद आवेदन लिंक पर जाकर पंजीकरण करना होगा.रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदन पत्र में मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी. इसके साथ जरूरी दस्तावेज और निर्धारित प्रारूप में मांगी गई अन्य जानकारी जमा करनी होगी.सभी विवरण भरने के बाद उम्मीदवार अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं.आवेदन पत्र जमा करने के बाद उसका प्रिंट या पीडीएफ और शुल्क भुगतान की रसीद सुरक्षित रखनी चाहिए, ताकि आगे भर्ती प्रक्रिया में जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके.

आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान

सुप्रीम कोर्ट की इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता के साथ शॉर्टहैंड और टाइपिंग की निर्धारित गति भी जांच लें.जिन उम्मीदवारों के पास ग्रेजुएशन की डिग्री है लेकिन अंग्रेजी शॉर्टहैंड की गति 110 शब्द प्रति मिनट नहीं है. उन्हें इस शर्त को गंभीरता से समझना चाहिए.इसी तरह कंप्यूटर पर 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति भी जरूरी है.आवेदन की अंतिम तारीख 10 नवंबर 2026 है इसलिए उम्मीदवारों को आखिरी दिन का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए.भर्ती की परीक्षा, एडमिट कार्ड, उत्तर कुंजी और आगे की चयन प्रक्रिया से जुड़े अपडेट के लिए सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखना जरूरी होगा.



Source link