Shraddha Dubey Arrest : शिवा शर्मा की मौत, श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी और 11 दिन की फरारी.. अब इन सवालों के जवाब तलाशेगी यूपी पुलिस

Shraddha Dubey Arrest : शिवा शर्मा की मौत, श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी और 11 दिन की फरारी.. अब इन सवालों के जवाब तलाशेगी यूपी पुलिस


Last Updated:

Shraddha Dubey Arrest News : शिवा शर्मा की मौत के मामले में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश की नागपुर से गिरफ्तारी के बाद अब कई सवालों पर से पर्दा उठ सकेगा. शिवा की मां के आरोप, श्रद्धा का आत्महत्या का दावा, 11 दिन की तलाश और जांच में उठ रहे सवालों के बीच अब पुलिस पूछताछ से अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है. आइये जानते हैं इस रिपोर्ट में…

Zoom

श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश की नागपुर से गिरफ्तार.

लखनऊ : शिवा शर्मा की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. इस मामले में मुख्‍य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके बाद जांच को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. अब तक आरोपियों के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन उनकी गिरफ्तारी महाराष्ट्र के नागपुर से हुई. शिवा शर्मा की मां ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया था. वहीं, श्रद्धा दुबे ने मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया था कि शिवा ने आत्महत्या की थी. दोनों पक्षों के दावों के बीच अब पुलिस की जांच और आरोपियों से होने वाली पूछताछ अहम होगी, क्‍योंकि तभी तस्‍वीर साफ हो पाएगी कि शिवा की हत्‍या की गई या उसने सुसाडइ किया वगैरह.. आइये जानते हैं उन सवालों के बारे में….

नेपाल जाने की चर्चा, लेकिन नागपुर में कैसे मिली गिरफ्तारी?
श्रद्धा दुबे और उसके साथियों की तलाश के दौरान उनके नेपाल भागने की अटकलें सामने आई थीं. लखनऊ पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों और रास्तों पर उनकी तलाश कर रही थीं. इसी बीच आगरा के एक होटल में तीनों की मौजूदगी का पता चलने की जानकारी सामने आई. बताया गया कि 17 तारीख को तीनों ने आगरा के ओम पैलेस होटल में चेक-इन किया और 18 तारीख की सुबह करीब साढ़े 6 बजे वहां से निकल गए. इसके बाद उनके नागपुर पहुंचने और वहां गिरफ्तारी होने की जानकारी सामने आई. अब जांच में यह साफ होना बाकी है कि पुलिस को आगरा में उनकी मौजूदगी का पता कब चला, नागपुर तक उनकी गतिविधियों को कैसे ट्रेस किया गया और गिरफ्तारी में कौन-से सबूत या जानकारी निर्णायक साबित हुईं.

शिवा की मौत को लेकर आमने-सामने के दावे
इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल शिवा शर्मा की मौत के हालातों को लेकर है. शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनकी शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज हुआ. दूसरी ओर श्रद्धा दुबे ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में दावा किया था कि शिवा ने आत्महत्या की थी. उसने कथित तौर पर शिवा पर 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज होने और डिप्रेशन में रहने की बात भी कही थी. फिलहाल ये दोनों पक्षों के दावे हैं. शिवा की मौत आत्महत्या थी या इसमें किसी तरह की आपराधिक भूमिका थी, इसका पता तो जांच और मौजूद सबूतों के आधार पर ही निकाला जा सकता है.

घटना के बाद क्या हुआ था? जांच में इन बिंदुओं पर रहेगी नजर
शिवा की मौत के बाद पुलिस को सूचना देने और परिवार के सामने घटनाक्रम साफ करने को लेकर भी सवाल हैं. अब पुलिस की पूछताछ में यह जानना अहम होगा कि घटना के समय कौन-कौन मौजूद था, शिवा को चौथी मंजिल से गिरने के हालात क्या थे और घटना के तुरंत बाद क्या कदम उठाए गए? पुलिस के लिए घटनास्थल से मिले सबूत, सीसीटीवी फुटेज, संबंधित लोगों के बयान और उपलब्ध अन्य रिकॉर्ड की जांच अहम होगी. इन सभी पहलुओं को जोड़कर ही घटनाक्रम की कड़ियों को समझा जा सकेगा.

तीन अधिकारियों को हटाने के बाद गिरफ्तारी, अब जवाबदेही पर भी सवाल
इस मामले में जांच की रफ्तार को लेकर भी सवाल उठे थे. आरोपियों की तलाश में देरी के बीच तीन अधिकारियों को हटाया गया. इसके बाद उत्तर प्रदेश एसटीएफ और लखनऊ पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में गिरफ्तारी की खबर सामने आई. टीम में बदलाव और गिरफ्तारी के बीच कम समय का अंतर अब चर्चा का विषय है. शिवा शर्मा की मां ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई थी. ऐसे में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद परिवार को जांच से महत्वपूर्ण जवाब मिलने की उम्मीद होगी.

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस पूछताछ में घटना की रात के बारे में क्या जानकारी सामने आती है. शिवा की मौत की परिस्थितियां, आरोपियों की भूमिका और उनके घटनाक्रम से जुड़े दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.



Source link