Last Updated:
Police Vacancy In MP: सीएम मोहन यादव ने इंदौर में विधि विधान के साथ शस्त्र पूजन किया है. इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रदेश में पुलिस विभाग में 18500 पदों पर भर्ती शुरू की जाएगी और इसका प्रोसेस जल्द ही शुरू किया जाएगा. वहीं उन्होंने कहा कि हर जिले में पुलिस बैंड होना चाहिए. इसके लिए भी 750 पदों पर भर्ती की जाएगी. सीएम की योजनाओं से साफ की प्रदेश में जल्द ही नौकरियों का पिटारा खुलने वाला है.
शस्त्र पूजन के बाद सीएम मोहन यादव के बड़े ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में शस्त्र पूजन किया. इस दौरान कार्यक्रम में उन्हें महिला पुलिस दल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया. जिस पर सीएम ने खुशी भी जताई. आज प्रदेशभर में पुलिस बलों द्वारा शासकीय स्तर पर शस्त्र पूजन किया जा रहा है. सीएम पुलिस लाइन पहुंचे और मां कालका की आराधना की. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परंपरागत तलवार, भाले के साथ-साथ आधुनिक एके-47 और अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया. इस दौरान उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं.
पुलिस विभाग में होगी 18500 पदों पर भर्ती
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस विभाग में व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए काम कर रही है. पुलिस विभाग में 18500 पदों पर भर्ती का फैसला लिया गया है. आने वाले दो सालों में खाली पदों को भरने की दिशा में भी काम किया जाएगा. प्रदेश में अलग-अलग विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों के प्रोसेस को आगे बढ़ाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री यादव ने आने वाले साल को युवा वर्ष के रूप में मनाने की बात कही. उन्होंने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की विशेष परीक्षाएं जनवरी-फरवरी में आयोजित करने की बात भी कही. मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि पुलिस बल की ताकत बढ़ाने के लिए ट्रेनिंग, आधुनिक संसाधन, नई रिसर्च, फॉरेंसिक सुविधाओं और आपराधिक कानूनों को लागू करने पर ध्यान दिया जा रहा है.
हर जिले में बैंड के लिए होगी 750 पदों पर भर्ती
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जब हमने गार्ड ऑफ ऑनर लिया, तो पुलिस बैंड ने भजन बजाकर अपनी काबिलियत दिखाई. 26 जनवरी और 15 अगस्त प्रशासन के लिए किसी भी दीपावली से कम नहीं है. इसलिए हर जिले में पुलिस बैंड होना चाहिए. मुझे खुशी है कि इसके लिए 750 पदों पर भर्ती की जाएगी. ताकी अगले साल 15 अगस्त और 26 जनवरी की परेड हर जगह धूमधाम से मनाई जा सके.
पुलिस सेतु ऐप की हुई शुरुआत
सीएम मोहन यादव ने प्रदेश में कई नवाचारों की शुरुआत भी की है. उन्होंने पुलिस ऐप की भी शुरुआत की है. जिसके माध्यम से लोग अपने क्षेत्रों के थानों, ड्यूटी अधिकारियोंकी जानकारी एक साथ ऐप से ले सकेंगे. इसके अलावा उन्होंने इंदौर पुलिस को दिए गए 51 दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. पुलिस वालों की तारीफ करते हुए सीएम ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर चौबीसों घंटे लोगों की सुरक्षा के लिए तैयार रहते हैं. उनका काम विशेष सम्मान का पात्र है.