साई किशोर ने ली रणजी ट्रॉफी में हैट्रिक, धोनी को क्यों मिल रहा इसका क्रेडिट?
Last Updated:
Ranji Trophy 2026 में उत्तराखंड के खिलाफ तमिलनाडु के कप्तान आर साई किशोर ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए लगातार तीन गेंदों में तीन विकेट झटके. तमिलनाडु के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले 10 गेंदबाज बनने के बाद साई किशोर ने अपनी उपलब्धि का श्रेय पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को दिया. चलिए जानते हैं साई किशोर की हैट्रिक में धोनी का क्या योगदान था?
आर साई किशोर ने उत्तराखंड के खिलाफ हैट्रिक ली.
चेन्नई: तमिलनाडु के कप्तान आर साई किशोर ने उत्तराखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में हैट्रिक लेने का कमाल किया. इस बाएं हाथ के स्पिनर ने अपने घरेलू ग्राउंड यानी एम. चिदंबरम स्टेडियम में उत्तराखंड की दूसरी पारी में लगातार तीन गेंदों में लक्ष्य रायचंदानी, सौरभ रावत और आदित्य रावत का शिकार किया. इस तरह वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तमिलनाडु के लिए हैट्रिक लेने वाले 10वें खिलाड़ी भी बन गए. इस तरह साई सुदर्शन ने मैच में कुल 10 विकेट (पहली पारी में चार, दूसरी पारी में छह) लिए.
धोनी ने सिखाया एंगल बदलना
मैच के तीसरे दिन मंगलवार को अपनी इस शानदार उपलब्धि का क्रेडिट साई किशोर ने महेंद्र सिंह धोनी को दिया. इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ बतौर नेट बॉलर और एक्स्ट्रा बॉलर के साथ जुड़ने का साई किशोर को फायदा मिला. साई किशोर ने कहा कि धोनी के साथ समय गुजारने का फर्क उनकी बॉलिंग में साफतौर पर देखा जा सकता हैं. वह कहते हैं:
मैंने CSK के साथ रहते हुए ही एंगल बदलना सीखा. धोनी इस पर काफी जोर देते थे. मुझे उस वक्त इसकी कोई समझ नहीं थी. मगर अब बीते कुछ साल से मैंने इस पर मेहनत की और इसे अपनी गेंदबाजी का हिस्सा बना लिया. जब मैं अलग-अलग ऐंगल से गेंद डालता हूं तो मुझे लगता है कि गेंद का व्यवहार भी बदल जाता है. अब मुझे इसका फायदा मिल रहा है.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तमिलनाडु के लिए हैट्रिक लेने वाले बॉलर
- एमजे गोपालन vs सिलोन, 1932-33
- जी. पार्थसार्थी vs दक्षिण भारत, 1936-37
- बी. कल्याणसुंदरम vs बॉम्बे, 1972-73
- भरत अरुण vs गोवा, 1986-87
- एस. सु्ब्रमण्यम vs केरल, 1992-93
- डीके देवानंद vs ओडिशा, 1998-99
- राज राजकुमार vs कर्नाटक, 2003-04
- एम. मोहम्मद vs मध्यप्रदेश, 2018-19
- गुरजपनीत सिंह vs नगालैंड, 2025-26
- आर. साई किशोर vs उत्तराखंड, 2026-27
पारी और 66 रन से जीता तमिलनाडु
साई किशोर की कातिलाना गेंदबाजी और हैट्रिक के बूते तमिनाडु ने मौजूदा रणजी सीजन में अपनी पहली जीत हासिल की. उत्तराखंड को पहली पारी में 134 रन पर समेटने के बाद तमिलनाडु ने 313 रन बनाए. तीसरे नंबर पर उतरे प्रदोष रंजन पॉल ने 136 रन बनाए. दूसरी पारी में उत्तराखंड 113 रन ही बना पाया और एक पारी 66 रन से मैच गंवा बैठा. अपने पहले मैच में तमिलनाडु और राजस्थान का मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ था.