जयपुर. राजस्थान में रितु बराला मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस का जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के बाहर धरना लगातार जारी है. कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता रातभर धरना स्थल पर डटे रहे. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी अपना जोधपुर दौरा रद्द कर जयपुर पहुंचकर इस मामले में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को समर्थन दिया. कांग्रेस नेताओं की मांग है कि रितु बराला मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज करे. पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा.
धरना स्थल पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी बनी हुई है. पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के साथ विधायक रफीक खान, अमीन कागजी और प्रताप सिंह खाचरियावास भी धरने में शामिल हैं. महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता सिंह और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी विरोध प्रदर्शन में मौजूद हैं. पीड़ित रितु बराला और विधायक इंदिरा मीणा भी धरना स्थल पर डटी हुई हैं. कांग्रेस नेताओं ने रातभर पुलिस कमिश्नरेट के बाहर बैठकर विरोध जारी रखा और एफआईआर दर्ज करने की मांग दोहराई.
रातभर धरने पर बैठे रहे कांग्रेस नेता, रामधुनी गाकर जताया विरोध
रितु बराला मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पूरी रात धरना स्थल पर बिताई. देर रात तक नेता रामधुनी गाते हुए विरोध प्रदर्शन करते रहे. सुबह भी धरना जारी रहा. धरने पर मौजूद नेताओं ने मॉर्निंग वॉक और रामधुनी के जरिए अपना समय बिताया, लेकिन एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मामले में पुलिस की ओर से अब तक स्पष्ट जवाब नहीं मिला है. इसी के चलते पार्टी को पुलिस कमिश्नरेट के बाहर लगातार धरना देना पड़ रहा है.
रितु बराला मामले में एफआईआर दर्ज होने तक कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी
अलग-अलग जगहों से जयपुर पहुंच रहे कांग्रेस नेता