Last Updated:
सोनू निगम पिछले साल बेंगलुरु में कॉन्सर्ट के दौरान विवादों में घिर गए थे. शो के दौरान कन्नड़ गाने की मांग पर सिंगर ने चिढ़कर पहलगाम हमले को लेकर विवादित टिप्पणी की थी. इसके बाद कर्नाटक में सोनू निगम पर बैन लगाने की मांग उठ रही थी. अब डेढ़ साल बाद सिंगर एक बार फिर शहर में शो करने जा रहे हैं और उससे पहले उन्होंने कन्नड़ समुदाय से माफी मांग ली है.
सोनू निगम ने कन्नड़ समुदाय से माफी मांगी.
नई दिल्ली. सोनू निगम ने पिछले साल मई में बेंगलुरु में कॉन्सर्ट किया था जिसकी वजह से विवादों में घिर गए थे. इस कॉन्सर्ट में मौजूद लोगों ने सिंगर से कन्नड़ गाना गाने की अपील की थी. बार-बार एक ही रिक्वेस्ट से परेशान होकर सिंगर ने विवादित टिप्पणी कर दी थी. कन्नड़ गाने की डिमांड पर सोनू निगम ने कहा था कि लोगों के इसी रवैये की वजह से पहलगाम में हमला हुआ. सोनू को अपनी इस टिप्पणी का खामियाजा भी उठाना पड़ा. उनके खिलाफ कर्नाटक में बैन की मांग उठी थी और पुलिस ने शिकायत भी दर्ज की थी. इस पूरे विवाद के करीबन डेढ़ साल बाद अब सिंगर एक बार फिर बेंगलुरु में कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं.
सोनू निगम इस पूरे विवाद के डेढ़ साल बाद एक बार फिर उसी जगह शो करने जा रहे हैं जहां से इस पूरे मसले की शुरुआत हुई थी. इस बीच एक बार फिर उन्हें बैन करने और कर्नाटक में उन्हें परफॉर्म न करने देने की मांग उठ रही है. कर्नाटक रक्षणा वेदिके (केआरवी) ने पुलिस से उनके अपकमिंग कॉन्सर्ट को मंजूरी न देने की मांग की है. संगठन का आरोप है कि सिंगर ने अपने बयान से कन्नड़ लोगों का अपमान किया था.
डेढ़ साल बाद बेंगलुरु में कॉन्सर्ट करेंगे सोनू निगम
मामला बढ़ता देख अब आखिरकार सोनू निमग ने 24 अक्टूबर को होने वाले कॉन्सर्ट से पहले कन्नड़ समुदाय से माफी मांग ली है. सोनू निगम ने कर्नाटक रक्षणा वेदिके के प्रमुख नारायण गौड़ा से बातचीत की. इसके बाद उन्होंने वीडियो मेसेज के जरिए कन्नड़ समुदाय से माफी मांगी और स्पष्ट किया कि वह कर्नाटक के लोगों के साथ अपने रिश्ते को काफी अहमियत देते हैं.
सोनू निगम ने कॉन्सर्ट से पहले मांगी माफी
उन्होंने कहा कि कर्नाटक और वहां के लोगों ने उन्हें हमेशा भरपूर प्यार दिया है और वह इस संबंध को बेहद महत्व देते हैं. यदि उनके बयान से किसी भी कन्नड़भाषी व्यक्ति को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए माफी चाहते हैं.
कर्नाटक रक्षणा वेदिके ने खत्म किया विवाद
कर्नाटक रक्षणा वेदिके के प्रमुख नारायण गौड़ा ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सोनू निगम ने उनसे बात की और माना कि उनके बयान से कन्नड़ लोगों की भावनाएं आहत हुई थीं. उन्होंने लिखा, ‘हम सभी सोनू निगम के गीतों से प्यार करते हैं. हमारे मन में उनके प्रति कोई व्यक्तिगत नफरत या दुश्मनी नहीं थी. हमें सिर्फ उनका वह बयान स्वीकार नहीं था, इसलिए हमारा विरोध स्वाभाविक था’.
नारायण गौड़ा ने कहा कि अब जब सोनू निगम ने माफी मांग ली है तो विवाद को यहीं समाप्त कर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि माफी मांगने वाले को क्षमा करना कन्नड़ संस्कृति और कन्नड़ लोगों की उदारता का हिस्सा है.