सांसों पर घिर रहा संकट, दिल्ली-NCR में छाया स्मॉग, मौसम विभाग ने क्या कहा?
Last Updated:
दिल्ली-NCR में प्रदूषण बढ़ने से हवा खराब हो गई है और स्मॉग छाने लगा है. मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट के साथ लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है. आईएमडी ने इस मौसम में हल्के गर्म कपड़े पहनने और बाहर मास्क पहनकर निकलने की सलाह दी है.
दिल्ली एनसीआर में छाया स्मॉग, सांस लेने में आने वाली हैं दिक्कतें. . (Reuters)
दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. राजधानी और आसपास के शहरों में रह रहे लोगों की सांसों पर एक बार फिर संकट घिरता आ रहा है. हवा में प्रदूषण बढ़ गया है. एयर क्वालिटी भी धीरे-धीरे खराब होने की ओर बढ़ गई है. ऐसे में दिल्ली में एक बार फिर लोगों को रेस्पिरेटरी संबंधी समस्याओं से जूझना पड़ सकता है. वहीं मौसम में ठंडक बढ़ने से कई तरह के संक्रमण भी लोगों को अपनी चपेट में ले सकते हैं. खासतौर पर सर्दी, खांसी और जुकाम जैसी समस्याएं लोगों में तेजी से पनप सकती हैं.
दशहरा के आसपास मौसम में बदलाव देखने को मिलता है. बारिश के मौसम से सीधे सर्दी का मौसम शुरू होने लगता है, ऐसे में चढ़ती ठंड की चपेट में आने से अक्सर लोग बीमार पड़ने लगते हैं.यही वजह है कि मौसम विभाग ने भी तापमान में गिरावट और हल्की ठंड की संभावना जताते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.
रात में और गिरेगा तामपान
भारत मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 20 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ और सुहावना रहने वाला है और तापमान कम ही रहेगा. आज सुबह का तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि दोपहर में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. हालांकि रात में ठंड का अहसास बढ़ेगा और पारा 17 डिग्री तक नीचे जा सकता है. आज हवा की गति हल्की से मध्यम रहेगी, जिससे दिनभर का मौसम आरामदायक और ठंडा महसूस होगा.
प्रदूषण का स्तर बढ़ा, टेंशन शूरू
हालांकि आईएमडी का कहना है कि प्रदूषण के मोर्चे पर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) मध्यम से खराब श्रेणी में बना हुआ है. कई इलाकों में यह 130 से 180 के बीच दर्ज हो रहा है, जबकि कुछ हॉटस्पॉट्स में और भी ऊंचा स्तर देखा जा रहा है.
दिल्ली एनसीआर के आसपास PM2.5 और PM10 के कणों की मात्रा बढ़ रही है, जो सांस की बीमारियों वाले लोगों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए जोखिम पैदा कर सकती है. सर्दियों के मौसम की शुरुआत और पराली जलाने की घटनाओं के कारण प्रदूषण धीरे-धीरे बढ़ रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक हवा की गुणवत्ता और बिगड़ सकती है.
मास्क पहनकर बाहर निकलें लोग
आज का दिन बाहरी गतिविधियों के लिए ठीक है लेकिन सुबह और शाम के समय मास्क पहनना बेहतर रहेगा. साफ आसमान और हल्की ठंडक के साथ सुबह की सैर या पार्क में घूमना सुखद रह सकता है. ऑफिस जाने वाले या स्कूल-कॉलेज के छात्रों को हल्के ऊनी कपड़े साथ रखने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि शाम होते-होते तापमान में गिरावट आ जाएगी. कुल मिलाकर, दिल्ली-एनसीआर आज साफ मौसम का आनंद ले सकेगा, बशर्ते प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाए जाएं.