Last Updated:
Bhadohi Latest News: यूपी के भदोही में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान पटाखों में अचानक धमाका हो गया. चौरी बाजार में हुए इस हादसे में करीब 18 लोग झुलस गए, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया.
पटाखों के धमाके से दहला इलाका.
रिपोर्ट/ दिनेश: भदोहा: उत्तर प्रदेश के भदोही में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. चौरी बाजार में मंगलवार को निकाले जा रहे विसर्जन जुलूस में पटाखों में अचानक धमाका हो गया. इसकी चपेट में आने से 6 से अधिक लोग झुलस गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया.
भदोही के चौरी बाजार में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए 20 अक्टूबर दोपहर जुलूस निकाला गया था. जुलूस में श्रद्धालु शामिल थे और प्रतिमा को विसर्जन के लिए लठिया नहर की ओर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान पटाखे फोड़ते समय अचानक विस्फोट हो गया.
जानकारी के मुताबिक, पटाखा जलाने के दौरान निकली चिंगारी एक युवक के झोले में रखे दूसरे पटाखों तक पहुंच गई. इसके बाद जोरदार धमाका हुआ. आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए और कई लोग झुलस गए. अचानक हुए इस हादसे से जुलूस में शामिल लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
धमाके के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की. सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया. सभी को इलाज के लिए भदोही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. घायलों में दीपक और शुभम विश्वकर्मा की हालत गंभीर बताई गई. दोनों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया. घटना में झुलसे अन्य लोगों का भी इलाज कराया गया.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पटाखों में आग लगने से विस्फोट हुआ. पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. विसर्जन जुलूस के दौरान हुए इस हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया. त्योहार के बीच हुई इस घटना ने लोगों को परेशान कर दिया. घायलों को समय पर इलाज दिलाने के साथ पुलिस मामले की जांच में जुटी है.