बिहार के इस डॉक्टर की अनोखी पहल, हर शनिवार गरीब मरीजों से नहीं लेते OPD फीस, मुफ्त में करते हैं इलाज

बिहार के इस डॉक्टर की अनोखी पहल, हर शनिवार गरीब मरीजों से नहीं लेते OPD फीस, मुफ्त में करते हैं इलाज


आरा: आज के दौर में जब बीमारियों के इलाज का खर्च आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. ऐसे में भोजपुर जिले के आरा शहर में एक डॉक्टर ने अपनी पहल से मानवता और सेवा की मिसाल पेश की है. स्वास्थ्य सेवाओं के बीच आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की परेशानी को समझते हुए न्यूट्रिहोप फाउंडेशन से जुड़े जनरल फिजिशियन डॉ. रजनीश कुमार सिंह हर शनिवार को मरीजों का मुफ्त इलाज करते हैं. उनकी इस पहल का उद्देश्य है कि पैसे की कमी के कारण किसी मरीज को अपनी बीमारी का इलाज कराने से पीछे न हटना पड़े.

डॉ. रजनीश कुमार सिंह का कहना है कि कई बार मरीज बीमारी से परेशान होने के बावजूद सिर्फ इसलिए डॉक्टर के पास नहीं पहुंचते हैं. क्योंकि उनके पास ओपीडी शुल्क देने के लिए पैसे नहीं होते हैं. ऐसे मरीजों की परेशानी को महसूस करते हुए उन्होंने सप्ताह में एक दिन ऐसा निर्धारित किया है. जब मरीज बिना ओपीडी फीस दिए उनसे चिकित्सा परामर्श ले सकते हैं. बता दें कि न्यूट्रिहोप फाउंडेशन के माध्यम से की जा रही यह पहल स्वास्थ्य सेवा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी सामने लाती है.

फीस के कारण इलाज से पीछे हट जाते हैं मरीज

डॉ. रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि अपने काम के दौरान उन्होंने महसूस किया कि कई मरीज ओपीडी चार्ज सुनने के बाद बिना इलाज कराए ही वापस लौट जाते हैं. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए छोटी-सी रकम भी कई बार बड़ी चुनौती बन जाती है. बीमारी के कारण पहले से परेशान मरीज जब खर्च की चिंता में डॉक्टर से परामर्श नहीं लेते, तो उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं. इसी परेशानी को देखते हुए उन्होंने हर शनिवार को ओपीडी फीस नहीं लेने का फैसला किया, ताकि जरूरतमंद मरीज आर्थिक चिंता किए बिना अपनी बीमारी के बारे में डॉक्टर से सलाह ले सकें.

शनिवार को होता है मुफ्त इलाज

न्यूट्रिहोप फाउंडेशन के माध्यम से डॉ. रजनीश कुमार सिंह प्रत्येक शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श देते हैं. इस दौरान मरीजों से डॉक्टर की ओपीडी फीस नहीं ली जाती है, क्लिनिक में ब्लड प्रेशर जांच, ब्लड शुगर जांच और नेबुलाइजर की सुविधा भी उपलब्ध है. इस पहल का उद्देश्य आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और जरूरत पड़ने पर समय पर चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना है.

इलाज कराने पहुंचते हैं काफी मरीज

आरा शहर में आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज कराने पहुंचते हैं. ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए मुफ्त ओपीडी परामर्श की यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है. कई बार मरीज दवा और जांच के खर्च की चिंता के साथ डॉक्टर की फीस को लेकर भी परेशान रहते हैं. ऐसे लोगों के लिए सप्ताह में एक दिन ओपीडी फीस से राहत मिलना मददगार कदम है.

डॉ. रजनीश कुमार सिंह की यह पहल उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो अपने पेशे के माध्यम से समाज की सेवा करना चाहते हैं। न्यूट्रिहोप फाउंडेशन के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को राहत देने का यह प्रयास बताता है कि समाज सेवा के लिए हमेशा बड़े अभियान की जरूरत नहीं होती. कभी-कभी अपने काम के बीच एक दिन जरूरतमंदों के लिए समर्पित करना भी किसी के लिए बड़ी राहत बन सकता है.

आरा में यहां मिलती है मुफ्त ओपीडी की सुविधा

न्यूट्रिहोप फाउंडेशन से जुड़े डॉ. रजनीश कुमार सिंह, एमबीबीएस, जनरल फिजिशियन का क्लिनिक आरा शहर में आर्य समाज मंदिर के पास, एमपी बाग और टाउन थाना के पश्चिम स्थित है. यहां प्रत्येक शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक डॉक्टर की ओपीडी फीस नहीं ली जाती है. अधिक जानकारी के लिए 9135353509 पर संपर्क किया जा सकता है.



Source link