तलवार चलाएगा, आंखें टिमटिमाएगा 60 फीट का रावण! देहरादून में आज इन 6 जगहों पर होगा दहन, जानें रूट डायवर्जन और पार्किंग

तलवार चलाएगा, आंखें टिमटिमाएगा 60 फीट का रावण! देहरादून में आज इन 6 जगहों पर होगा दहन, जानें रूट डायवर्जन और पार्किंग


Last Updated:

Ravan Dahan Near Me in Dehradun: देहरादून में विजयदशमी पर रावण दहन देखने जाने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक और पार्किंग की व्यवस्था जान लीजिए. परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम के चलते आसपास के इलाकों को जीरो जोन बनाया गया है और विक्रम, मैजिक व सिटी बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है. शहर में अलग-अलग जगहों पर रावण दहन के कार्यक्रम हो रहे हैं, जहां 60 फीट तक ऊंचे पुतले आकर्षण का केंद्र बने हैं. वहीं, सुरक्षा के लिए 21 संवेदनशील स्थानों पर फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात की गई हैं. जानिए देहरादून में कहां-कहां होगा रावण दहन, वाहनों की पार्किंग कहां कर सकेंगे और किन रास्तों पर जाने से बचना होगा.

देहरादून: 20 अक्टूबर दशहरे को लेकर राजधानी देहरादून में खासा उत्साह है. जगह-जगह रावण दहन की तैयारियां की गई हैं. शाम होते ही लोग परिवार के साथ दशहरा देखने के लिए निकल रहे हैं. शहर के परेड ग्राउंड में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है. परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन रहेगा. वहीं, शहर में रावण दहन के कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

दशहरे के दिन लोगों को जाम से बचाने और यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस ने 11 जगहों पर बैरियर लगाए हैं. सामान्य और वीआईपी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा, शहर के 21 संवेदनशील स्थानों पर फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके.

परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन
परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य दशहरा कार्यक्रम के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. कालिका मंदिर से शुरू होने वाली शोभायात्रा मोती बाजार, पलटन बाजार, राजपुर रोड, एस्लेहॉल और कनक चौक होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी. इस दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन रहेगा. प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बलूनी ने बताया कि दशहरा कार्यक्रम समाप्त होने तक विक्रम और मैजिक वाहनों के रूट बदले रहेंगे. सिटी बसों का संचालन भी परिवर्तित मार्गों से किया जाएगा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें.

दशहरा देखने आने वालों के लिए यहां होगी पार्किंग
दशहरा देखने आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों के वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज, काबुल हाउस, नगर निगम पार्किंग और पुराने तहसील परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. वहीं, वीआईपी और अधिकारियों के वाहन परेड ग्राउंड में मंच के पीछे, दून क्लब, टिन शेड और प्रेस क्लब के पास पार्क किए जाएंगे. अगर मुख्य पार्किंग स्थल भर जाते हैं, तो सचिवालय और कचहरी क्षेत्र में वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी. पुलिस ने लोगों से संभव हो तो दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने की अपील की है. हालांकि, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं रहेगी.
ये भी पढ़ें: Dussehra 2026: इस बार बारिश नहीं बिगाड़ पाएगी दशहरे का मजा, देहरादून में तैयार हुआ 181 फीट का वाटर प्रूफ रावण

शहर में इन जगहों पर होगा रावण दहन
देहरादून में दशहरे पर कई जगह रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.

  • लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज में रावण दहन होगा. सोसाइटी के मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ बंसल ने बताया कि स्कूल के मैदान में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले तैयार किए गए हैं. रावण का पुतला 60 फीट ऊंचा है और उसे एलईडी लाइट्स से सजाया गया है. पुतले में तलवार चलाने और आंखें झपकाने जैसी खास व्यवस्था भी की गई है.
  • वहीं, कांवली दशहरा कमेटी की ओर से जीएमएस रोड स्थित साधु राम इंटर कॉलेज में 51 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा. यहां लंका दहन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
  • मसूरी के लाइब्रेरी क्षेत्र में अग्रवाल वेलफेयर सोसायटी की ओर से 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा. इसके अलावा परेड ग्राउंड, रेसकोर्स, लक्ष्मण चौक और प्रेमनगर समेत शहर के अलग-अलग इलाकों में भी रावण दहन के कार्यक्रम होंगे. ये कार्यक्रम रात करीब 8:30 बजे तक चलेंगे.

21 संवेदनशील जगहों पर फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात
दशहरे पर भीड़ और आतिशबाजी को देखते हुए देहरादून अग्निशमन एवं आपात सेवा ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जनपद में रावण दहन के प्रमुख स्थलों सहित 21 संवेदनशील जगहों पर फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात रहेंगी. ये टीमें कार्यक्रम शुरू होने से लेकर उसके समाप्त होने तक मौके पर मौजूद रहेंगी. आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख स्थलों पर फायर टेंडर और फायर बाइक भी तैनात की गई हैं. शहर के मेला परिसरों और रावण दहन स्थलों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है. आसपास के बाजारों में भी कई तरह की दुकानें लगी हैं. पुतलों के दहन के दौरान आतिशबाजी और रोशनी का प्रदर्शन होगा. स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों के भी इन कार्यक्रमों में शामिल होने की उम्मीद है.



Source link