ट्रेड, टेक्नोलॉजी और हथियार: जयशंकर और रूबियो ने मिलाया साझेदारी का हाथ, भारत-अमेरिका रिश्ते को मिली नई धार

ट्रेड, टेक्नोलॉजी और हथियार: जयशंकर और रूबियो ने मिलाया साझेदारी का हाथ, भारत-अमेरिका रिश्ते को मिली नई धार


Jaishankar Marco Rubio Meeting: मुंबई में अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रूबियो और भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर की मुलाकात हुई. 20 अक्टूबर को हुई इस बैठक में एनर्जी सिक्योरिटी से लेकर रक्षा सहयोग पर अहम चर्चा हुई. बैठक के बाद रूबियो और एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इसकी जानकारी दी.

विदेश मंत्री ने लिखा, “हमने अपने संबंधों को और आगे बढ़ाने पर चर्चा की, जिसमें व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, रक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर विशेष ध्यान दिया गया. साथ ही, क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ.” उनसे पहले रूबियो ने इसे अहम और सफल बैठक करार देते हुए लिखा, “मुंबई में, भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और मैंने एनर्जी सिक्योरिटी और डिफेंस कोऑपरेशन पर चर्चा की, साथ ही अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया.”

वहीं, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि रूबियो और विदेश मंत्री जयशंकर के बीच रक्षा, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और व्यापार समेत कई अहम मुद्दों पर सार्थक बातचीत हुई है. उन्होंने कहा, “दोनों नेताओं के बीच अमेरिका-भारत सहयोग को और मजबूत करने पर अच्छी चर्चा हुई. हम अपनी द्विपक्षीय साझेदारी को नई गति दे रहे हैं.”

इससे पहले, विदेश मंत्रालय (एमईए) ने भारत की अपनी दूसरी यात्रा पर मुंबई पहुंचे रूबियो का गर्मजोशी से स्वागत किया. मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा ‘भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने का एक अवसर है. मुंबई की इस यात्रा में रूबियो के साथ उनकी पत्नी जेनेट और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे.

विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत की अपनी दूसरी यात्रा पर मुंबई पहुंचने पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का स्वागत है! हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र सरकार के संस्कृति, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और एआई मंत्री आशीष शेलार ने उनका स्वागत किया. यह यात्रा ‘भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने का एक अवसर है.”

वहीं, सर्जियो गोर ने कहा कि उन्हें इस “सार्थक यात्रा” और भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद है. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “मुंबई वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है; इस बार मेरे दोस्त और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी साथ हैं. मुझे इस सार्थक यात्रा और भारत-अमेरिका संबंधों को आगे बढ़ाने की उम्मीद है.” दोनों पक्षों के बीच बातचीत से पहले, विदेश मंत्रालय ने बताया था कि चर्चा में द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किए जाने की उम्मीद है. इनमें ऊर्जा, व्यापार, निवेश, रक्षा, महत्वपूर्ण उभरती प्रौद्योगिकियां और आपसी हित के अन्य विषय शामिल हैं.



Source link