Last Updated:
Tiger Shroff firing case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक उर्फ रोशन का नाम सामने आया है. बताया जा रहा है कि पहचान छिपाने के लिए उसने सिर मुंडवा लिया था. पुलिस ने ऋतिक समेत तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़ा. मुंबई पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर ले गई है. हालांकि ऋतिक के परिजनों ने उसे निर्दोष बताया है.
टाइगर श्रॉफ पर रविवार को हमला हुआ था
बेगुसराय: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले को लेकर लगातार नए अपडेट आ रहे हैं. इसी कड़ी में एक नई जानकारी सामने आई है. कहा जा रहा है कि बिहार के बेगूसराय के रहने वाले आरोपी ऋतिक उर्फ रोशन ने पहचान छिपाने के लिए अपना भेष बदल लिया था. बताया जा रहा है कि उसने अपने लंबे बाल कटवाकर सिर मुंडवा लिया था. ऐसा उसने इसलिए किया, ताकि इलाके के लोग उसे पहचान न सकें. फायरिंग के समय उसके बाल थोड़े बढ़ गए थे. बता दें कि इस मामले में तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया था. इनमें ऋतिक के अलावा हरियाणा के सोनीपत का रेहान और एक नाबालिग शामिल है.
बेगूसराय के गांव में भी हलचल
इस मामले में बेगूसराय जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के रहने वाले ऋतिक कुमार महतो का नाम सामने आया है. उसके पिता का नाम रामू महतो बताया जा रहा है. मामला सामने आने के बाद गांव में चर्चा तेज हो गई है.मीडिया की टीम जब गांव पहुंची तो रिश्तेदारों ने इस मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया. परिवार ने पुलिस की ओर से जारी तस्वीर को भी पहचानने से इनकार किया. हालांकि गांव के कुछ लोग तस्वीर में दिख रहे युवक को ऋतिक बता रहे हैं.
मुंबई में क्या करता था ऋतिक
ऋतिक के परिजनों का कहना है कि वह पिछले दो से तीन महीने से मुंबई में रहकर खाना बनाने का काम कर रहा था. परिवार के मुताबिक बीती रात से उसका मोबाइल फोन बंद है. वे उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बात नहीं हो पा रही है.
क्या ऋतिक को फंसाया जा रहा?
परिजनों ने यह भी दावा किया कि ऋतिक की एक लड़की से बातचीत होती थी. वह उससे शादी करना चाहता था. परिवार के मुताबिक, वह लड़की को ट्रेन में बैठाने के लिए गया था. परिजनों ने आरोप लगाया कि लड़की के पिता उनके बेटे को इस मामले में फंसा रहे हैं. परिवार का कहना है कि ऋतिक निर्दोष है और उसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध नहीं है. गांव में इस मामले को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. कुछ लोग पुलिस की ओर से जारी तस्वीर को ऋतिक की तस्वीर बता रहे हैं, जबकि परिवार इससे इनकार कर रहा है.
मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी फायरिंग
- यह घटना रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी. कम से कम दो लोगों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं. इसके बाद हमलावर मोटरसाइकिल से फरार हो गए. पुलिस के मुताबिक, कार पर पांच से छह गोलियां चलाई गई थीं.
- इस घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए. हालांकि, उनके ड्राइवर और वहां मौजूद एक राहगीर घायल हो गए थे. हमलावरों ने जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया था, वह बाद में मुंबई के अंधेरी इलाके में लावारिस हालत में मिली.
- मुंबई पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग के पीछे क्या वजह थी और इसकी साजिश किसने रची थी.