Agency:एजेंसियां
Last Updated:
मुंबई में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और UAE के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान ने त्रिपक्षीय बैठक की. बातचीत में ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी, साझा आर्थिक प्राथमिकताओं और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा हुई. इसके अलावा, जयशंकर और रूबियो की अलग द्विपक्षीय बैठक भी हुई, जिसमें व्यापार, तकनीक, रक्षा, ऊर्जा और भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया.
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और UAE के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान. (X/DrSJaishankar)
मुंबई में भारत और अमेरिका के बीच अहम बातचीत हुई, लेकिन इस बैठक में एक और देश के विदेश मंत्री की मौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा. भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की मुलाकात में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान भी शामिल हुए. तीनों नेताओं ने मंगलवार को त्रिपक्षीय बैठक की, जिसमें ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी और मौजूदा क्षेत्रीय हालात पर चर्चा हुई. यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब भारत, अमेरिका और UAE के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. वहीं पश्चिम एशिया जंग की आग में जल रहा है. हालांकि, साझा बैठक का एजेंडा ऊर्जा, कनेक्टिविटी और मौजूदा घटनाक्रमों पर विचारों के आदान-प्रदान तक सीमित बताया गया है.
जयशंकर और रूबियो के साथ UAE के मंत्री ने क्या कहा?
एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी देते हुए लिखा कि उन्होंने UAE के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ त्रिपक्षीय बातचीत की. उन्होंने बताया कि बैठक में ऊर्जा, कनेक्टिविटी और वर्तमान हालात पर विचार साझा किए गए. मार्को रूबियो ने भी इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं. उन्होंने कहा कि भारतीय विदेश मंत्री और UAE के विदेश मंत्री के साथ क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा करना और साझा आर्थिक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाना अच्छा रहा. इस तरह बैठक में केवल भारत-अमेरिका संबंध ही नहीं, बल्कि UAE के साथ सहयोग के मुद्दे भी शामिल रहे. तीनों देशों के नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने बातचीत को त्रिपक्षीय रूप दिया.
भारत-UAE रिश्तों पर डॉ. जयशंकर ने क्या कहा?
UAE के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान सोमवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मुंबई पहुंचे हैं. मंगलवार को उन्होंने डॉ. एस. जयशंकर के साथ हाईलेवल प्रतिनिधिमंडल की बैठक में हिस्सा लिया. इस दौरान जयशंकर ने भारत और UAE के रिश्तों को लेकर कहा कि एक दशक से ज्यादा समय से जारी सहयोग के बाद दोनों देशों की साझेदारी अब व्यापक रणनीतिक साझेदारी के रूप में आगे बढ़ रही है.
उन्होंने इस साल दोनों देशों के बीच हुए उच्चस्तरीय संपर्कों का भी जिक्र किया. जयशंकर के मुताबिक, जनवरी में UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद भारत आए थे. फरवरी में क्राउन प्रिंस शेख खालिद ने AI इम्पैक्ट समिट और ब्रिक्स समिट में हिस्सा लिया था. इसके अलावा, मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UAE की आठवीं यात्रा की थी.
रूबियो की जयशंकर से अलग द्विपक्षीय बैठक भी हुई
मार्को रूबियो तीन दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं. मंगलवार को वह अपनी पत्नी जेनेट के साथ मुंबई पहुंचे. UAE के विदेश मंत्री के साथ त्रिपक्षीय बैठक के अलावा, रूबियो और जयशंकर ने अलग से द्विपक्षीय बातचीत भी की. जयशंकर ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की. बातचीत में व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, रक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर विशेष ध्यान दिया गया. क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए गए. रूबियो ने इस बैठक को अहम और सफल बताया.