किम जोंग उन की बहन ने दिखाई आंखें, दक्षिण कोरिया ने भी ठोकी ताल, बोला- दुश्मन उकसाए तो तुरंत जवाब दो


Agency:एजेंसियां

Last Updated:

उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच सीमा पर तनाव बढ़ गया है. उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने सीमा पर अधिक सामरिक हथियार तैनात करने और प्रोपेगेंडा अभियान दोबारा शुरू करने की चेतावनी दी है. इसके बाद दक्षिण कोरिया के शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल जिन योंग-सुंग ने सैनिकों को किसी भी उकसावे का कड़ा जवाब देने का निर्देश दिया.

Top Deals Inside

किम जोंग उन की बहन ने दिखाई आंखें, दक्षिण कोरिया ने भी ठोकी ताल, दे डाली धमकीZoom

उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया का बॉर्डर.

कोरियाई प्रायद्वीप में उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है. उत्तर कोरिया की ओर से सीमा के पास ज्यादा भारी हथियार तैनात करने और प्रोपेगेंडा दोबारा शुरू करने की चेतावनी के बाद दक्षिण कोरिया ने भी सख्त रुख अपना लिया है. मंगलवार, 20 अक्टूबर को दक्षिण कोरिया के शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल जिन योंग-सुंग ने अग्रिम मोर्चे पर तैनात सैनिकों को निर्देश दिया कि दुश्मन की किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई का कड़ा जवाब दिया जाए. दोनों देशों के बीच बढ़ती बयानबाजी ने सीमा पर टकराव का खतरा बढ़ा दिया है.

किम जोंग उन की बहन ने क्या धमकी दी?

उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने सोमवार को धमकी दी. उन्होंने कहा कि प्योंगयांग दक्षिण कोरिया के खिलाफ सीमा पर प्रचार अभियान फिर से शुरू करने और ज्यादा सामरिक हमलावर हथियार तैनात करने पर विचार कर रहा है. उन्होंने सीमा के हालात को बेहद अस्थिर बताया और दक्षिण कोरियाई सेना पर उत्तर कोरियाई सैनिकों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने का आरोप लगाया.

उत्तर कोरिया की इस चेतावनी के बाद दक्षिण कोरिया ने साफ कर दिया कि वह अपनी सीमा की सुरक्षा से जुड़े कदमों से पीछे नहीं हटेगा. दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (JCS) के अध्यक्ष जनरल जिन योंग-सुंग ने फ्रंट लाइन पर स्थित एक सैन्य इकाई का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया की ओर से दक्षिण कोरिया के वैध सैन्य अभियानों को उकसावे वाली कार्रवाई बताना स्वीकार नहीं किया जा सकता.

बॉर्डर पर माइंस विस्फोट से बढ़ा विवाद

दोनों देशों के बीच मौजूदा विवाद 21 सितंबर को सीमा के पास हुए एक माइन विस्फोट के बाद और बढ़ गया. इस घटना में दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हो गए थे. सोल ने आरोप लगाया कि उत्तर कोरिया ने सीमा के दक्षिणी हिस्से में माइंस बिछाई थीं. हालांकि, प्योंगयांग ने इन आरोपों को खारिज कर दिया. दक्षिण कोरियाई सेना के मुताबिक, इस साल उत्तर कोरियाई सैनिकों ने सीमा पर किलेबंदी का काम करते समय सैन्य सीमांकन रेखा का करीब 50 बार उल्लंघन किया. दक्षिण कोरिया ने इन घटनाओं के दौरान चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं और लाउडस्पीकर के जरिए संदेश प्रसारित किए.

उत्तर कोरिया ने इन कदमों को उकसावे वाला बताया है. किम यो जोंग की ताजा चेतावनी को इसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. उत्तर कोरिया अब सीमा के पास हथियारों की तैनाती बढ़ाने और प्रचार प्रसारण बहाल करने जैसे कदम उठा सकता है.

दक्षिण कोरिया ने भी दी चेतावनी

उत्तर कोरिया की धमकियों के बाद दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को गंभीर चिंता जताई. मंत्रालय ने कहा कि सैन्य सीमांकन रेखा के पास चेतावनी के तौर पर गोली चलाना और प्रसारण करना रक्षात्मक उपाय हैं. इनका मकसद उत्तर कोरियाई सैनिकों को सीमा पार करने से रोकना है. दक्षिण कोरिया ने यह भी चेतावनी दी कि अगर उत्तर कोरिया इन कदमों को आगे किसी उकसावे की कार्रवाई का बहाना बनाता है, तो उसे निर्णायक जवाब दिया जाएगा. साथ ही प्योंगयांग से सीमा उल्लंघन रोकने और तनाव कम करने के लिए बातचीत की कोशिशों का जवाब देने की अपील की गई है.



Source link