Last Updated:
Good News : गर्मी में बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या कम करने के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 250 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे. विद्युत निगम ने मार्च 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है.
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बित्ती गुल नहीं होगी. (एआई तस्वीर)
नोएडा : नोएडा-ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. गर्मियों में ओवरलोडिंग और ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या से निपटने के लिए विद्युत निगम जिले में 250 नए ट्रांसफार्मर लगाएगा. मार्च 2027 तक इन्हें लगाने का लक्ष्य रखा गया है. 250 केवी और 400 केवीए क्षमता के इन ट्रांसफार्मरों से बिजली का लोड बंटेगा और ट्रांसफार्मरों पर दबाव कम होगा. इससे ट्रांसफार्मर खराब होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका कम होगी.
करोड़ों की लागत से सुधरेगा बिजली ढांचा
केंद्र और राज्य सरकार की रिवैम्पड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत यह काम किया जा रहा है. जिले में पहले से ही 10 केवीए से लेकर 650 केवीए तक के 24 हजार से अधिक छोटे-बड़े ट्रांसफार्मर लगे हैं. गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने पर इन पर लोड बढ़ जाता है, जिससे तेल रिसने, ट्रांसफार्मर फुंकने और ब्लास्ट होने का खतरा रहता है. इसे देखते हुए विद्युत निगम ने गर्मी शुरू होने से पहले ही नए ट्रांसफार्मर लगाने की तैयारी तेज कर दी है.
ओवरलोड वाले इलाकों में लगेंगे अतिरिक्त ट्रांसफार्मर
विद्युत निगम सर्वे के आधार पर उन स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगा रहा है, जहां बिजली का लोड अधिक है. अधिकारियों के मुताबिक, नए ट्रांसफार्मर लगने से मौजूदा ट्रांसफार्मरों पर दबाव कम होगा और बिजली आपूर्ति बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
कलर कोडिंग से मिलेगी ट्रांसफार्मर की पहचान
ट्रांसफार्मरों की स्थिति पहचानने के लिए कलर कोडिंग की व्यवस्था भी की गई है. नए ट्रांसफार्मर नीले और हरे रंग के होंगे. पहली बार फुंकने पर उन्हें पीले, दूसरी बार संतरी और तीसरी बार खराब होने पर लाल रंग से चिह्नित किया जाएगा. विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता विवेक कुमार पटेल के अनुसार, जिले में बिजली आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं. 250 नए ट्रांसफार्मर लगने से ओवरलोडिंग कम करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने में मदद मिलेगी.