Last Updated:
Hamirpur News : अगर कोई कहे कि किसी गांव में हैंडपंप से पानी नहीं बल्कि पेट्रोल निकल रहा है तो क्या आपको विश्वास होगा? शायद नहीं ना. मगर हमीरपुर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक हैंडपंप से निकलने वाले पानी में आग लग रही है.
हमीरपुर में हैंडपंप से निकल रहे पानी में आग.
हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से एक अजब-गजब मामला सामने आया है. यहां एक हैंडपंप से निकलने वाले पानी को देखकर हर कोई हैरान है. दावा किया जा रहा है कि हैंडपंप से जो पानी निकल रहा है वो तेल जैसा चिकना पदार्थ है. माचिस की तीली जलाने पर इस पानी में आग लग रही है. हालांकि, सच क्या है ये तो जांच के बाद ही सामने आएगा.
यह है मामसा
मामला सुमेरपुर थाना क्षेत्र के गौरीकला गांव का है. हैंडपंप से निकलने वाले पानी में आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. कुछ ग्रामीण इसे पेट्रोल या डीजल बता रहे हैं, हालांकि पदार्थ की असली पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है. मामले की जांच के लिए पानी के नमूने भेजे गए हैं. गांव में हैंडपंप से पानी के साथ तेल जैसा पदार्थ निकलने की खबर से ग्रामीणों को परेशानी में डाल दिया है.
जानवर को नहला रहे थे, तभी…
बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले अनिल दुबे अपने जानवरों को नहला रहे थे. इसी दौरान पानी में तेल जैसी चिकनाई दिखाई दी, जिसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. देखते ही देखते हैंडपंप के पास ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी. स्थानीय लोगों ने इस घटना के वीडियो भी बनाए. ग्रामीणों का दावा है कि हैंडपंप से निकलने वाले पानी में माचिस की तीली लगाने पर आग जलने लगती है.
इसी के बाद लोग पानी के साथ पेट्रोल या डीजल जैसा कोई ज्वलनशील पदार्थ निकलने की आशंका जताने लगे. हालांकि, पानी में आग जलने के दावे के आधार पर पदार्थ को पेट्रोल या डीजल मानना सही नहीं होगा. इसकी वास्तविक प्रकृति का पता वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा. बताया जा रहा है कि जांच के लिए पानी के नमूने भेजे गए हैं.
कहां से आ रहा पानी?
साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हैंडपंप से निकलने वाले पानी में संदिग्ध पदार्थ कहां से आ रहा है और कहीं आसपास से किसी रासायनिक पदार्थ का रिसाव तो नहीं हो रहा. फिलहाल, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी. यदि पानी में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद है, तो यह सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला हो सकता है.