हनुमानगढ़ की इंदिरा गांधी नहर में मंजू की तलाश जारी, पिता और बेटी के शव मिले, तीन दिन से ऐलनाबाद से लापता था परिवार

हनुमानगढ़ की इंदिरा गांधी नहर में मंजू की तलाश जारी, पिता और बेटी के शव मिले, तीन दिन से ऐलनाबाद से लापता था परिवार


Last Updated:

Hanumangarh News: हरियाणा के ऐलनाबाद से तीन दिन से लापता परिवार के पिता भरत सहारण और बेटी लता के शव हनुमानगढ़ की इंदिरा गांधी नहर में मिले. पत्नी मंजू की तलाश जारी है, आज पूरे दिन पुलिस ने गोताखोरों की मदद से लापता मंजू की तलाश जारी रखी,लेकिन रात होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा है. अब अगले दिन फिर से नहर में महिला की तलाश शुरू की जाएगी.

Zoom

हनुमानगढ़. जिले में इंदिरा गांधी नहर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, हरियाणा के ऐलनाबाद से तीन दिन पहले लापता हुए एक परिवार के दो सदस्यों के शव नहर में मिले हैं. मृतकों की पहचान भरत सहारण और उनकी पुत्री लता के रूप में हुई है. वहीं, भरत की पत्नी मंजू का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. पुलिस और गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश की जा रही है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि परिवार के साथ कोई हादसा हुआ था या फिर मामला आत्महत्या से जुड़ा है.

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के ऐलनाबाद निवासी भरत सहारण, उनकी पत्नी मंजू और बेटी लता तीन दिन पहले लापता हो गए थे. काफी समय तक परिवार का कोई पता नहीं चलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई. इस दौरान उनके इंदिरा गांधी नहर में गिरने की आशंका जताई गई. इसके बाद हनुमानगढ़ जिले में नहर के आसपास तलाशी अभियान चलाया गया. तलवाड़ा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गोताखोरों की मदद ली. नहर में तलाश के दौरान डबली पुल के पास भरत सहारण और उनकी बेटी लता के शव बरामद हुए. दोनों के शव मिलने के बाद परिवार की तीसरी सदस्य मंजू की तलाश तेज कर दी गई.

डबली पुल के पास मिले पिता-पुत्री के शव

तलवाड़ा थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि तीनों के इंदिरा गांधी नहर में गिरने की आशंका के चलते तलाशी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान गोताखोरों ने डबली पुल के पास से भरत सहारण और उनकी पुत्री लता के शव बरामद किए. हालांकि, मंजू का शव अभी तक नहीं मिला है. रात होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा, अब अगले दिन फिर से नहर में महिला की तलाश शुरू की जाएगी. पुलिस की निगरानी में गोताखोर नहर के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी अभियान चलाएंगे, ताकि लापता मंजू का पता लगाया जा सके.

हादसा या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों के बाइक से नहर में गिरने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस हादसे और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल मंजू की तलाश पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती है, उसके मिलने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.



Source link