राहुल गांधी ब्रेक का मजा ले रहे हैं या….NDA नेताओं ने साधा निशाना
Last Updated:
भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की कथित विदेश यात्रा को लेकर निशाना साधा है. प्रदीप भंडारी और ओम प्रकाश राजभर ने राहुल पर सवाल उठाए हैं और पूछा है कि राहुल गांधी फिर से वही कर रहे हैं, जिसमें वे सबसे माहिर हैं; ब्रेक लेना और छुट्टियों का आनंद लेना! खबर है कि राहुल गांधी छुट्टियों के लिए विदेश गए हैं. राहुल गांधी भारत में नहीं हैं! नवरात्र के दौरान, राहुल गांधी विदेश में क्या कर रहे हैं?
राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर बीजेपी नेताओं ने साधा निशाना.
भाजपा नेता प्रदीप भंडारी की ओर से सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित विदेश यात्रा पर तंज कसा गया है. उनकी ओर से पूछा गया कि क्या राहुल गांधी अपने ‘अराजकता फैलाने वाले साथियों’ से मिलने जा रहे हैं. उन्होंने साथ ही नवरात्र के त्योहारों के दौरान राहुल के भारत में मौजूद न होने पर भी सवाल उठाया.
प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि राहुल गांधी छुट्टियों के लिए विदेश गए हैं. उन्होंने इस बात को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की कि वे अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं.
प्रदीप भंडारी ने लिखा, “राहुल गांधी फिर से वही कर रहे हैं, जिसमें वे सबसे माहिर हैं; ब्रेक लेना और छुट्टियों का आनंद लेना! खबर है कि राहुल गांधी छुट्टियों के लिए विदेश गए हैं. राहुल गांधी भारत में नहीं हैं! नवरात्र के दौरान, राहुल गांधी विदेश में क्या कर रहे हैं? ब्रेक का मजा ले रहे हैं, या अपने ‘अराजकता फैलाने वाले साथियों’ से मिल रहे हैं? एक ऐसा व्यक्ति जो काम करने से ज्यादा समय आराम करने में बिताता है और फिर चिल्लाता है, ‘वोट चोरी हो गया!’
भंडारी की यह टिप्पणी भाजपा और कांग्रेस के बीच चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच आई है. दोनों पार्टियों के नेता अक्सर सार्वजनिक कार्यक्रमों, राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी प्रक्रियाओं से जुड़े आरोपों को लेकर एक-दूसरे पर निशाना साधते रहते हैं.
इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने भी सोशल मीडिया पर राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने दशहरा उत्सव के दौरान रावण के पुतले जलाने की परंपरा का जिक्र किया. राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “राहुल गांधी, सुना है कि आप कल रात विदेश यात्रा पर निकल गए. क्या आप अपनी आंखों के सामने अपने दोस्त रावण का पुतला जलते हुए नहीं देख पाए?”
प्रदीप भंडारी और ओपी राजभर की ओर से यह प्रतिक्रिया उस वक्त आई है, जब राहुल गांधी ने गोवा के मडगांव में एक रैली के दौरान भाजपा नेतृत्व पर चुनावी गड़बड़ियां कराने का आरोप लगाया. पार्टी की एक रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा, “वोट चोरी करना संविधान और कांग्रेस पार्टी के धर्म पर हमला है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी ही संविधान की संरक्षक है.”