जबलपुर. मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद कुछ दिन बारिश का दौर रहा लेकिन फिर हालात सामान्य हो गए थे. अब एक बार फिर आंधी-बारिश हो रही है. एक ओर ज्यादातर जिलों में धूप खिल रही है, तो कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो रही है. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज 19 अक्टूबर 2026, दिन सोमवार को मौसम का मिजाज मिलाजुला रहेगा. 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. ये जिले हैं- भोपाल, छतरपुर, टीकमगढ़, सागर, दमोह, शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा, गुना, राजगढ़, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास और सीहोर. इन जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन/वज्रपात और हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा भी लोगों को परेशान करेगी. मौसम विभाग ने प्रभावित जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है.
IMD के अनुसार, मध्य प्रदेश के मौसम को इस समय दो अलग-अलग मौसम प्रणालियां प्रभावित कर रही हैं. इनमें दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र और पंजाब-हिमाचल प्रदेश के ऊपर एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ शामिल हैं. इनके प्रभाव से राज्य के मध्य-पश्चिमी हिस्से में बादलों का डेरा है. अगले तीन दिनों तक प्रदेश के मध्य-पश्चिमी जिलों में इसका असर बना रहेगा, जिसके चलते आंधी-बारिश का दौर देखने को मिलेगा.
भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में आज बादल छाए रहेंगे. कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलेगी. बीते दिन दोपहर बाद भोपाल के आसमान में काले बादल छाने लगे थे. हालांकि बारिश नहीं हुई. आज उज्जैन में भी भोपाल की तरह का मौसम देखने को मिलेगा. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस करौंदी (कटनी) में रिकॉर्ड हुआ.
एमपी में 24 जून को हुई थी मानसून की एंट्री
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई हो चुकी है. मानसून ने इस साल राज्य में 24 जून को एंट्री ली थी और तीन अक्टूबर को विदाई ली. राज्य में मानसून 100 दिन सक्रिय रहा. इस मानसून सीजन में 908.4 मिमी (35.8 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से चार प्रतिशत कम है. पूर्वी राज्यों में चार फीसदी ज्यादा वर्षा दर्ज की गई. वहीं पश्चिमी राज्यों में 12 फीसदी कम बारिश हुई. भोपाल, कटनी, ग्वालियर, राजगढ़ समेत प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो गया, तो वहीं 30 जिलों में कम बारिश हुई, जिनमें इंदौर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन और सागर भी शामिल हैं.