Last Updated:
पाकिस्तान के लाहौर में सेंट्रल मुस्लिम लीग पंजाब के अध्यक्ष चौधरी मुहम्मद सरवर की मौत हो गई. पार्टी के मुताबिक, वह अस्र की नमाज के लिए मस्जिद जा रहा था. अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने उन्हें 2016 में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा बताते हुए प्रतिबंधित किया था.
पाकिस्तान में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी चौधरी मुहम्मद सरवर की मौत.
पाकिस्तान के लाहौर में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े चौधरी मुहम्मद सरवर की मौत हो गई है. पार्टी के मुताबिक, सरवर अस्र की नमाज पढ़ने के लिए घर से मस्जिद जा रहा था, तभी अचानक गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई. माना जा रहा है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है. वह सेंट्रल मुस्लिम लीग का पंजाब अध्यक्ष था. अमेरिका ने उस पर साल 2016 में आतंकी गतिविधियों के लिए फंड जुटाने और उसे ट्रांसफर करने में कथित भूमिका के चलते प्रतिबंध लगाया था. यह घटना ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले लाहौर में जैश-ए-मोहम्मद के कथित कमांडर मुहम्मद आसिम की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी.
लश्कर की फंडिंग में शामिल होने का आरोप
अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के मुताबिक, चौधरी मुहम्मद सरवर लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी और लाहौर में संगठन का प्रमुख रह चुका था. अमेरिका ने 28 दिसंबर 2016 को उसे आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन जुटाने और उसे ट्रांसफर करने में कथित भूमिका के आधार पर प्रतिबंधित किया था. अमेरिका ने उसी साल लश्कर से जुड़े शाहिद महमूद पर भी कार्रवाई की थी. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, महमूद कराची में संगठन से जुड़ा था और कथित तौर पर फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेशन के जरिए फंडिंग और अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों में शामिल था. प्रतिबंधों के तहत दोनों की अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में आने वाली संपत्तियां फ्रीज कर दिया गया था.
कुछ दिन पहले जैश के आतंकी की भी हुई थी मौत
लाहौर में 14-15 अक्टूबर की रात जैश-ए-मोहम्मद के कथित ऑपरेशनल कमांडर मुहम्मद आसिम की सड़क हादसे में मौत हो गई थी. इस हादसे में उसकी पत्नी हुमा आसिम और बेटे तल्हा आसिम की भी जान चली गई थी. जानकारी के मुताबिक, परिवार की कार को गढ़ी शहू इलाके में अल्लामा इकबाल रोड पर पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी थी. टक्कर के बाद कार ट्रेलर के नीचे फंस गई. बचावकर्मियों को शव निकालने के लिए कार का मलबा काटना पड़ा. पुलिस ने परिवार के जीवित बचे बेटे मुहम्मद बिन आसिम की शिकायत पर मामला दर्ज किया था.
भारत में बड़े हमलों से जुड़ा रहा है लश्कर
लश्कर-ए-तैयबा पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन है. 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले में इसके आतंकियों की भूमिका थी. इस हमले में 166 लोगों की जान गई थी. 13 दिसंबर 2001 को भारतीय संसद पर हुए हमले में भी लश्कर और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकियों की भूमिका सामने आई थी.