Last Updated:
Kaam Ki Baat : नोएडा एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास रहने वालों आपके लिए गुड न्यूज आई है. यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे अधूरी पड़ी 30 मीटर चौड़ी सर्विस रोड का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद है. इससे बेहतर कनेक्टिविटी और एयरपोर्ट जाने के लिए वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाना होगा आसान. (फोटो-AI)
ग्रेटर नोएडा: नोएडा एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास सेक्टरों में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. यमुना एक्सप्रेसवे के दाईं तरफ अधूरी पड़ी 30 मीटर चौड़ी सर्विस रोड का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद है. यमुना प्राधिकरण ने सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कर लिया है. सड़क तैयार होने के बाद लोगों को आवागमन के लिए एक नया रास्ता मिलेगा और कई सेक्टरों तक पहुंचना पहले से आसान हो जाएगा.
1800 मीटर का हिस्सा अधूरा
यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ सर्विस रोड बनी हुई हैं. एक्सप्रेसवे के बाईं तरफ जीरो पॉइंट से जेवर तक 60 मीटर चौड़ी सड़क है, जबकि दाईं तरफ 30 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जा रही है. करीब 16 किलोमीटर लंबी इस सड़क का लगभग 1800 मीटर हिस्सा रौनीजा, चपरगढ़ और सलारपुर गांव के पास अधूरा पड़ा था. इस हिस्से में अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा था. अब प्राधिकरण ने निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर कर लिया है. ऐसे में अधूरे हिस्से का काम पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है.
जीरो पॉइंट से सेक्टर-22ई तक पहुंचना होगा आसान
इस सर्विस रोड के बनने का सबसे बड़ा फायदा यमुना सिटी के आवंटियों को मिलेगा. अभी लोगों को कई सेक्टरों में आने-जाने के लिए 60 मीटर चौड़ी सड़क और सलारपुर अंडरपास का सहारा लेना पड़ता है. नई सड़क तैयार होने के बाद उन्हें आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. खास बात यह है कि लोग जीरो पॉइंट से सेक्टर-22ई तक आसानी से पहुंच सकेंगे. इसके अलावा चपरगढ़ के पास यह सर्विस रोड 120 मीटर चौड़ी सड़क को पार करेगी, जिससे इस प्रमुख मार्ग तक पहुंचना भी सुविधाजनक होगा.
इन लोगों को मिलेगा फायदा
सर्विस रोड का निर्माण पूरा होने से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के 10 से अधिक सेक्टरों के आवंटियों को राहत मिलेगी. इनमें सेक्टर-22डी, 22ई, 23ए, 23बी, 23सी, 23डी, 23ई, 25, 26 और 27 शामिल हैं. इन सेक्टरों में आवासीय और अन्य विकास गतिविधियों के बढ़ने के साथ बेहतर कनेक्टिविटी की जरूरत भी बढ़ रही है. सड़क तैयार होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ इन क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को भी फायदा मिलेगा.
एयरपोर्ट तक मिलेगा नया रास्ता
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में यह परियोजना अहम मानी जा रही है. सर्विस रोड का अधूरा हिस्सा पूरा होने से यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बसे सेक्टरों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. साथ ही एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों को भी वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा. यमुना प्राधिकरण के सामने अब अधूरे हिस्से का निर्माण पूरा कर सड़क को आवागमन के लिए तैयार करने की चुनौती है. काम पूरा होने के बाद इस क्षेत्र में लोगों को लंबा चक्कर लगाने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है.