रमेश पोवार नहीं बन पाए चीफ सिलेक्टर, ओझा क्यों पड़े भारी, BCCI ने बताई वजह
Last Updated:
Ramesh Powar BCCI Chief Selector: बीसीसीआई ने वरिष्ठता के आधार पर प्रज्ञान ओझा को पुरुष चयन समिति का अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है. यह निर्णय सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के मानदंड के आधार पर लिया गया है.पुरुष चयन समिति कुछ इस प्रकार होगी. प्रज्ञान ओझा (अध्यक्ष), शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा, रमेश पोवार. नई समिति के सामने भारतीय क्रिकेट के लिए मजबूत टीम चयन और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को मौका देने की अहम जिम्मेदारी होगी.
अजित अगरकर की जगह रमेश पवार सेलेक्शन कमेटी में पर नहीं बन पाए चीफ सेलेक्टर
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पुरुष चयन समिति में बड़ा बदलाव किया है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर रमेश पोवार को पुरुष चयन समिति का नया सदस्य नियुक्त किया गया है. वहीं, सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने के आधार पर प्रज्ञान ओझा समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे. रमेश पोवार अजीत अगरकर की जगह वेस्ट जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे.
वेस्ट जोन से सिलेक्टर चुने गए पोवार
भारतीय क्रिकेट टीम के चयन से जुड़ी जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने रमेश पोवार के नाम की सिफारिश की. अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की सदस्यता वाली सलाहकार समिति ने बीसीसीआई मुख्यालय में आवेदकों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद सर्वसम्मति से पोवार को पुरुष चयन समिति का सदस्य नियुक्त करने की सिफारिश की गई.
कैसा रहा है रमेश पोवार का करियर?
अजित अगरकर की जगह चयन समिति में आए रमेश पोवार भारत की ओर से 2 टेस्ट और 31 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं.अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जुड़ाव के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं. वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रहने के अलावा मुंबई और गुजरात की टीमों के मुख्य कोच भी रह चुके हैं. इसके साथ ही उन्होंने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच की भूमिका भी निभाई है. भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच के रूप में पोवार का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा. उनके मार्गदर्शन में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप का खिताब जीता और कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक हासिल किया. अब पुरुष चयन समिति में उनकी नियुक्ति के बाद भारतीय क्रिकेट के चयन संबंधी फैसलों में उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है.
प्रज्ञान ओझा करेंगे चयन समिति की अध्यक्षता
बीसीसीआई ने वरिष्ठता के आधार पर प्रज्ञान ओझा को पुरुष चयन समिति का अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है. यह निर्णय सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के मानदंड के आधार पर लिया गया है.पुरुष चयन समिति कुछ इस प्रकार होगी. प्रज्ञान ओझा (अध्यक्ष), शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा, रमेश पोवार. नई समिति के सामने भारतीय क्रिकेट के लिए मजबूत टीम चयन और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को मौका देने की अहम जिम्मेदारी होगी.