Last Updated:
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश के बाद अब मौसम साफ हो गया है. अगले छह दिनों तक धूप खिलने की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है.
मौसम में आए बदलाव के बीच शिमला के रिज मैदान पर मौसम सुहावना बना हुआ है.
शिमला. हिमाचल प्रदेश में हाल ही में बर्फबारी और बारिश की वजह से अब ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगी है. सुबह और शाम के साथ रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. हालांकि, अन्य इलाकों में धूप खिलने से मौसम अब सुहावना हो गया. शिमला, कुफरी और नारकंडा में रात के तापमान में हल्का उछाल देखने को मिला है.
मौसम में आए बदलाव के बीच शिमला के रिज मैदान पर मौसम सुहावना बना हुआ है. यहां पर्यटक और स्थानीय लोग धूप का आनंद लेते नजर आ रहे हैं. मौसम साफ रहने से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है. 24 अक्टूबर तक राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिल सकती है. मौसम साफ रहने के चलते दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. इससे दिन के समय लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है, जबकि रात का तापमान सामान्य से कम बना रह सकता है.
प्रदेश में तीन दिनों से धूप खिलने के बावजूद न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है. वहीं, अधिकतम तापमान में हल्का उछाल आया है और राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. आगामी चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है.
पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम सुहावना रहने से पर्यटकों की आवाजाही के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. शिमला घूमने आए पर्यटकों का कहना है कि यहां पर अभी भी मौसम ठंडा और काफी अच्छा यहां आकर महसूस हो रहा है. हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंड से बचने के लिए पर्यटकों को गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी जा रही है.
कितना रहा पारा
हिमाचल में सबसे अधिक पारा ऊना जिले में 32 डिग्री दर्ज हुआ है. लाहौल स्पीति के केलांग में न्यूनतम पारा 0.3 डिग्री दर्ज हुआ है. ऐसे में आने वाले दिनों में पारा चढ़ने के आसार हैं. क्योंकि अगले सात दिन मौसम साफ रहेगा.