नई दिल्ली (UGC NET December 2026). एनटीए ने यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए कुछ अपडेट्स जारी किए हैं. एनटीए ने यूजीसी नेट परीक्षा की तारीखों से लेकर एग्जाम हॉल के नियमों तक में कई बदलाव किए हैं. अब परीक्षा केंद्र में एंट्री से पहले पता होना चाहिए कि पेन साथ ले जाना है या नहीं, कपड़े-जूते कैसे पहनने हैं और रिव्यू के लिए मार्क किए गए सवालों के नंबर कैसे मिलेंगे. थोड़ी सी लापरवाही महीनों की मेहनत पर पानी फेर सकती है.
बदल गया यूजीसी नेट परीक्षा का शेड्यूल, नोट कर लें नई तारीखें
एनटीए ने यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा का नया शेड्यूल जारी कर दिया है. अब यूजीसी नेट परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 को होगी (पहले यह 14 से 19 दिसंबर तक प्रस्तावित थी). विषयवार परीक्षा का शेड्यूल जल्द ही ऑफिशियल वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जारी होगा.
- सिटी इंटीमेशन स्लिप: 23 नवंबर 2026 से उपलब्ध होगी.
- एडमिट कार्ड डाउनलोड: 7 दिसंबर 2026 से शुरू होंगे.
यूजीसी नेट सिटी इंटीमेशन स्लिप आते ही परीक्षा शहर देख लें. अगर दूर सेंटर है तो ट्रैवल का इंतजाम पहले ही कर लें. यूजीसी नेट एडमिट कार्ड आने का इंतजार करने से आखिरी समय में भागदौड़ बढ़ जाती है.
जेब में पेन और हाथ में घड़ी? सेंटर पर नहीं मिलेगी एंट्री!
यूजीसी नेट परीक्षा हॉल के ड्रेस कोड और ले जाने वाले सामान को लेकर इस बार बहुत सख्ती की गई है. एनटीए ने इसमें कई बदलाव किए हैं:
- सेंटर पर मिलेगा पेन: घर से बॉल पेन लेकर जाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. रफ काम के लिए पेन और पेपर एनटीए खुद परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध कराएगा.
- घड़ी पर बैन: चाहे एनालॉग हो या डिजिटल, स्मार्टवॉच हो या नॉर्मल घड़ी- हॉल में पहनकर जाना सख्त मना है. स्क्रीन पर ही डिजिटल टाइमर चलता रहेगा.
- जूते-चप्पल के नियम: लंबे बूट्स या हेवी शूज पहनकर न जाएं. केवल सामान्य जूते, कम एड़ी वाली सैंडल या चप्पल ही पहनकर जाएं.
- क्या ले जा सकते हैं?: पानी की ट्रांसपेरेंट बोतल. डायबिटिक (मधुमेह) मरीज अपने साथ शुगर टैबलेट्स या साबुत फल (जैसे सेब/केला) ले जा सकते हैं.
‘Mark for Review’ वाले सवालों पर अपडेट: कट सकते हैं नंबर
मूल्यांकन के नए नियम को लेकर बहुत कंफ्यूजन था, जिसे अब एनटीए ने स्पष्ट कर दिया है.
- जवाब दिया + मार्क फॉर रिव्यू: अगर किसी सवाल का ऑप्शन चुन लिया है और उसे ‘Marked for Review’ कर दिया है तो उसका मूल्यांकन जरूर होगा. अगर जवाब सही हुआ तो नंबर मिलेंगे, गलत हुआ तो निगेटिव मार्किंग (यदि लागू हो) या शून्य मिलेगा.
- बिना जवाब दिए रिव्यू करना: अगर आपने सवाल का कोई ऑप्शन नहीं चुना और केवल रिव्यू के लिए मार्क किया तो वह सवाल चेक नहीं किया जाएगा.
करेक्शन विंडो और परीक्षा शहर का विकल्प
यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा का आवेदन फॉर्म भरते समय अगर कोई गलती हो गई थी तो करेक्शन विंडो बंद होने के बाद उसमें कोई सुधार नहीं होगा. केवल उन्हीं फील्ड्स में बदलाव की छूट मिली थी जिनकी अनुमति एनटीए ने दी थी. जिन उम्मीदवारों के राज्य या यूटी (UT) में स्थायी/वर्तमान पते के हिसाब से 4 से कम शहर उपलब्ध हैं, उन्हें स्क्रीन पर उपलब्ध ऑप्शंस में से चुनने का मौका दिया गया है.
पर्सेंटाइल और नॉर्मलाइजेशन: यूजीसी नेट कटऑफ कैसे तय होगी?
एनटीए की कोशिश है कि हर विषय की परीक्षा एक ही शिफ्ट में पूरी करा ली जाए.
- एक शिफ्ट वाली परीक्षा: अगर परीक्षा एक ही शिफ्ट में होती है तो पेपर-1 और पेपर-2 के कुल प्राप्तांकों के आधार पर सीधा पर्सेंटाइल निकाला जाएगा. यह पर्सेंटाइल स्कोरकार्ड पर दिखेगा.
- मल्टीपल शिफ्ट वाली परीक्षा: अगर परीक्षार्थियों की संख्या ज्यादा होने के कारण परीक्षा एक से ज्यादा शिफ्ट में होती है तो ‘इक्वी-पर्सेंटाइल’ (Equi-Percentile) नॉर्मलाइजेशन मेथड लागू होगा. इस स्थिति में फाइनल कट-ऑफ नॉर्मलाइज्ड मार्क्स के आधार पर ही तय होगी.
दिव्यांग (PwD) उम्मीदवारों के लिए स्क्राइब और एक्स्ट्रा टाइम
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए भी शर्तों को काफी ट्रांसपेरेंट बनाया गया है:
- एक्सट्रा टाइम: जिन उम्मीदवारों के पास तय मापदंडों के अनुसार मान्य दिव्यांगता प्रमाण पत्र (Disability Certificate) होगा, उन्हें हर 1 घंटे पर 20 मिनट का अतिरिक्त समय (यानी 3 घंटे के पेपर में 1 घंटा extra) मिलेगा.
- स्क्राइब (Scribe) की सुविधा: जरूरत के अनुसार नियमों का पालन करते हुए स्क्राइब की सुविधा भी दी जाएगी.
लेट फीस, आंसर-की चैलेंज और रिफंड के नियम
एनटीए ने फीस से जुड़े नियम बिल्कुल स्पष्ट रखे हैं:
- लेट फीस: अगर किसी स्थिति में लेट फीस लागू होती है तो 500 रुपये की यह राशि मूल परीक्षा शुल्क के अतिरिक्त होगी.
- आंसर-की आपत्ति: प्रोविजनल आंसर-की पर किसी सवाल को चुनौती देने के लिए 200 रुपये प्रति सवाल (Non-refundable) शुल्क देना होगा.
- रिफंड पॉलिसी: अगर पेमेंट दो बार कट गया है या ट्रांजेक्शन फेल हो गया था लेकिन पैसे कट गए थे तो एनटीए वेरिफिकेशन के बाद उस राशि को उसी बैंक अकाउंट में रिफंड करेगा.