RBI Recruitment 2026: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने फार्मासिस्ट के 22 पदों पर भर्ती निकाली है. यह भर्ती मुंबई और नवी मुंबई स्थित आरबीआई की डिस्पेंसरियों के लिए अनुबंध के आधार पर की जाएगी. चयनित उम्मीदवारों को प्रति घंटे 600 रुपये मेहनताना मिलेगा. अधिकतम पांच घंटे प्रतिदिन काम करने पर एक दिन में 3000 रुपये तक कमाई हो सकती है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 3 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन ऑफलाइन माध्यम से करना होगा.
कौन कर सकता है आवेदन?
आरबीआई फार्मासिस्ट भर्ती के लिए उम्मीदवार का मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है. इसके अलावा किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से फार्मेसी में डिप्लोमा या बी फार्मा की डिग्री होनी चाहिए. उम्मीदवार का फार्मेसी एक्ट, 1948 के तहत पंजीकरण भी आवश्यक है.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का महाराष्ट्र स्टेट फार्मेसी काउंसिल में पंजीकृत होना अनिवार्य है. इसके साथ ही फार्मासिस्ट के रूप में कम से कम दो साल का कार्य अनुभव होना चाहिए. सरकारी बैंक या सरकारी संस्थान में काम करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी. अभ्यर्थियों को कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी भी होनी चाहिए. आयु सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक अधिसूचना देखनी होगी.
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित फार्मासिस्ट को प्रति घंटे 600 रुपये का भुगतान किया जाएगा. प्रतिदिन अधिकतम पांच घंटे काम करने के आधार पर मेहनताना 3000 रुपये तक हो सकता है. इस नियुक्ति में किसी अन्य भत्ते या अतिरिक्त भुगतान का प्रावधान नहीं है.
नियुक्ति एक बार में अधिकतम 240 दिनों के लिए अनुबंध के आधार पर होगी. जरूरत के अनुसार उम्मीदवारों को काम के लिए बुलाया जाएगा. इस नियुक्ति से आरबीआई में स्थायी या अस्थायी पद पर नियुक्ति का कोई अधिकार नहीं मिलेगा.
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों के आवेदन पत्रों की प्रारंभिक छंटनी की जाएगी. इसमें शैक्षणिक योग्यता, बैंक की डिस्पेंसरियों से आवास की दूरी और संबंधित कार्य अनुभव को ध्यान में रखा जाएगा. शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद मेडिकल जांच और दस्तावेजों का सत्यापन होगा. इंटरव्यू में शामिल होने के लिए यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा.
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ डाक या व्यक्तिगत रूप से जमा करना होगा. आवेदन बंद लिफाफे में भेजना है. लिफाफे पर फार्मासिस्ट पद के लिए अनुबंध आधारित आवेदन का उल्लेख करना होगा.
आवेदन इस पते पर भेजें:
द रीजनल डायरेक्टर, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट डिपार्टमेंट, रिक्रूटमेंट सेक्शन, भारतीय रिजर्व बैंक, मुंबई रीजनल ऑफिस, शहीद भगत सिंह रोड, फोर्ट, मुंबई-400001.
आवेदन के साथ शैक्षणिक और पेशेवर योग्यता के स्व-सत्यापित प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाणपत्र, आयु प्रमाण और महाराष्ट्र स्टेट फार्मेसी काउंसिल के पंजीकरण की प्रति लगानी होगी. आरक्षण का लाभ लेने वाले उम्मीदवारों को संबंधित प्रमाणपत्र भी संलग्न करने होंगे. इसके अलावा अधिसूचना में दिए गए ऑनलाइन लिंक पर आवश्यक जानकारी भरना भी जरूरी है. आवेदन भेजने से पहले आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट rbi.org.in पर भर्ती की अधिसूचना और आवेदन प्रारूप जरूर जांच लें.