विकेटों के पतझड़ के बीच एक छोर पर डटे रहे रिंकू सिंह, शतक जड़कर टीम को संभाला
Last Updated:
Rinku Singh Century: रिंकू सिंह ने उत्तर प्रदेश के लिए रणजी ट्रॉफी मैच में गोवा के खिलाफ शानदार शतक जड़ा. रिंकू के नाबाद शतक के दम पर उत्तरप्रदेश ने 200 का आंकड़ा छुआ. रिंकू ने विकेटों के पतझड़ के बीच एक छोर संभाले रखा और नाबाद 118 रन बनाए.
रिंकू सिंह ने नाबाद 118 रन की पारी खेली. (Photo- @cham_piyu9063)
कानपुर. रिंकू सिंह ने नाबाद 118 रन की पारी खेलकर उत्तर प्रदेश को मुश्किल स्थिति से उबारा. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज की शतकीय पारी के बाद यूपी ने 200 का आंकड़ा छुआ. जवाब में गोवा ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मैच के पहले दिन स्टंप तक बिना कोई विकेट गंवाए 43 रन बना लिए.
पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने वाले उत्तर प्रदेश ने शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद रिंकू की धैर्यपूर्ण पारी की बदौलत 71 ओवर में 202 रन बनाए. रिंकू ने अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए. दिन का खेल खत्म होने तक गोवा ने 12 ओवर में बिना विकेट खोए 43 रन बना लिए थे. विकेटकीपर बल्लेबाज शिवेंद्र भुजबल 39 गेंद में 31 रन जबकि सुयश प्रभुदेसाई 12 रन बनाकर खेल रहे थे. गोवा की टीम उत्तर प्रदेश से 159 रन पीछे है.
उत्तर प्रदेश की शुरुआत खराब रही. अभिषेक गोस्वामी (05), आर्यन जुयाल (14) और कप्तान करण शर्मा (00) सस्ते में आउट हो गए जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 33 रन हो गया. माधव कौशिक ने 96 गेंद में 45 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन शुभम तारी ने उन्हें आउट कर दिया. इससे उत्तर प्रदेश का स्कोर चार विकेट पर 90 रन हो गया.
इसके बाद रिंकू ने एक छोर संभाले रखा जबकि दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे. निचले क्रम के बल्लेबाजों से उन्हें ज्यादा सहयोग नहीं मिला, लेकिन उन्होंने टीम को 200 रन के पार पहुंचाया और नाबाद रहे. गोवा के लेग स्पिनर यश कसवणकर सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 25 ओवर में 86 रन देकर पांच विकेट लिए. रुत्विक नाइक ने दो विकेट हासिल किए, जबकि तारी और ललित यादव को एक-एक विकेट मिला.
वहीं एक अन्य मैच में बिहार के 166 रन पर सिमटने के बाद बड़ौदा ने दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 77 रन बना लिए थे. ग्रुप ए के एक अन्य मुकाबले में पुडुचेरी की टीम 65.2 ओवर में 177 रन पर आउट हो गई. इसके जवाब में मध्य प्रदेश ने 20 ओवर में दो विकेट पर 23 रन बनाए. मध्य प्रदेश की टीम अभी 154 रन पीछे है और उसे दूसरे दिन अंतर कम करने के लिए बड़ी साझेदारी की जरूरत होगी.
गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर की टीम ग्रुप ए के एक अन्य मुकाबले में विदर्भ के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 82.5 ओवर में 260 रन पर सिमट गई. विदर्भ की टीम दूसरे दिन अपनी पहली पारी शुरू करेगी और उसके पास पहली पारी में बढ़त हासिल करने का मौका होगा.