Last Updated:
MBBS Doctor Salary and Career Options: एमबीबीएस डॉक्टर कौन होते हैं, वे क्या काम करते हैं और उनकी सैलरी कितनी होती है? जानिए सरकारी हॉस्पिटल से खुद के क्लिनिक तक, एमबीबीएस करने के बाद करियर के सभी रास्ते. साथ ही समझिए शुरुआती कमाई और क्लिनिक शुरू करने के जरूरी नियम.
MBBS Doctor Salary and Career: एमबीबीएस डॉक्टर का करियर स्कोप बहुत शानदार है
नई दिल्ली (MBBS Doctor Salary). तबियत खराब होने या हॉस्पिटल के बारे में सोचने पर दिमाग में सफेद कोट पहने एमबीबीएस डॉक्टर की छवि आती है. भारत में डॉक्टरी की पढ़ाई और इलाज की दुनिया में MBBS को सबसे पहली और मजबूत सीढ़ी माना जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि एमबीबीएस डॉक्टर क्या-क्या काम कर सकता है? क्या वह ऑपरेशन कर सकता है या सिर्फ शुरुआती इलाज करता है? लोगों के मन में इस डिग्री, डॉक्टरों के काम और उनकी कमाई को लेकर कई तरह के सवाल रहते हैं.
MBBS डॉक्टर कौन होते हैं और वे क्या करते हैं?
एमबीबीएस डॉक्टर मुख्य रूप से जनरल फिजिशियन या प्राइमरी केयर फिजिशियन होते हैं. इनका काम मरीज की बीमारी की शुरुआती पहचान करना और इलाज शुरू करना होता है.
- मरीज का परीक्षण: बुखार, सर्दी, खांसी से लेकर ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी आम बीमारियों का डायग्नोसिस करना.
- दवाइयां लिखना: बीमारी के हिसाब से सही दवाइयां देना और जरूरत पड़ने पर मरीज को पैथोलॉजी टेस्ट या स्कैन कराने की सलाह देना.
- सही सलाह देना: अगर बीमारी गंभीर है तो मरीज को कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट या ऑर्थोपेडिक सर्जन जैसे स्पेशलिस्ट के पास रेफर करना.
- इमरजेंसी और माइनर सर्जरी: छोटी-मोटी चोटों पर टांके लगाना, ड्रेसिंग करना और इमरजेंसी में मरीज की जान बचाना.
एमबीबीएस डॉक्टर कहां काम कर सकते हैं?
एमबीबीएस की डिग्री पूरे देश में मान्य है. मेडिकल की पढ़ाई करने के बाद नौकरियों के कई विकल्प खुल जाते हैं:
- सरकारी हॉस्पिटल और CHC/PHC: केंद्र या राज्य सरकार के बड़े हॉस्पिटल से लेकर गांवों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक में मेडिकल ऑफिसर (MO) का पद.
- प्राइवेट हॉस्पिटल: फोर्टिस, मैक्स या अपोलो जैसे बड़े मल्टी-स्पेशलिटी अस्पतालों में जूनियर रेजिडेंट (JR) या इमरजेंसी डॉक्टर के रूप में.
- सेना और अर्धसैनिक बल: इंडियन आर्मी, नेवी, एयरफोर्स या बीएसएफ में कैप्टन/मेडिकल अफसर का पद.
- कॉर्पोरेट और रिसर्च सेंटर: बड़ी कंपनियों के मेडिकल हेल्थ सेंटर, फार्मास्यूटिकल कंपनियां या रिसर्च लैब.
क्या एमबीबीएस डॉक्टर अपना काम (Self-Practice) भी कर सकते हैं?
नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) में रजिस्ट्रेशन कराने के बाद एमबीबीएस डॉक्टर अपना खुद का क्लिनिक या प्राइमरी हेल्थ केयर सेंटर खोल सकते हैं.
क्लिनिक खोलने का नियम:
अपना क्लिनिक शुरू करने के लिए डॉक्टर को स्टेट मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होता है. खुद का क्लिनिक खोलने पर हैं बायोमेडिकल वेस्ट डिस्पोजल और लोकल अथॉरिटी (जैसे MCD या नगर निगम) से जरूरी लाइसेंस लेने होते हैं. इसके अलावा टेली-कंसल्टेशन (ऑनलाइन इलाज) भी दे सकते हैं.
एमबीबीएस डॉक्टर की सैलरी कितनी होती है?
एमबीबीएस डॉक्टर की सैलरी उनके अनुभव, काम करने की जगह (शहर/गांव) और जॉब प्रोफाइल पर निर्भर करती है:
- सरकारी सेक्टर: शुरुआत में सैलरी 65,000 से 90,000 रुपये प्रति माह (NPA यानी नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस मिलाकर) होती है.
- प्राइवेट सेक्टर: शुरुआती सैलरी 50,000 से 75,000 रुपये प्रति माह के आस-पास रहती है.
- प्राइवेट क्लिनिक (अपनी प्रैक्टिस): अगर क्लिनिक सही लोकेशन पर है और मरीज ज्यादा आते हैं तो कमाई की कोई ऊपरी सीमा नहीं होती. शुरुआत में 1 लाख से लेकर 3 लाख या उससे ज्यादा प्रति माह आसानी से कमाए जा सकते हैं.
आगे की पढ़ाई (MD/MS) क्यों जरूरी होती है?
ज्यादातर मेडिकल ग्रेजुएट्स MBBS के बाद विशेषज्ञता के लिए आगे पढ़ाई करते हैं.
- MD (डॉक्टर ऑफ मेडिसिन): नॉन-सर्जिकल स्पेशलाइजेशन के लिए (जैसे बच्चों के डॉक्टर, स्किन स्पेशलिस्ट, मेडिसिन).
- MS (मास्टर ऑफ सर्जरी): सर्जिकल स्पेशलाइजेशन के लिए (जैसे जनरल सर्जन, ईएनटी सर्जन).
- DNB/डिप्लोमा: अन्य क्लीनिकल फील्ड्स में स्पेशलाइजेशन.