Last Updated:
बिहार में स्नातक चुनाव रोचक बन गया है. यहां स्नातक चुनाव में मोकामा विधायक अनंत सिंह एनडीए प्रत्याशी का साथ देने की जगह जन सुराज के प्रत्याशी के समर्थन में बयानबाजी कर रहे हैं. यह मुद्दा बिहार की राजनिति में गरमाया हुआ है. इससे स्नातक चुनाव को लेकर एनडीए की एकजुटता पर सवाल खड़ा होने लगा. ऐसे में अब लोजपा नेताओं ने एनडीए की एकजुटता का दावा किया है और एनडीए प्रत्याशी नीरज को जिताने की बात कही है.
स्नातक चुनाव में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार
दानापुर: बिहार के दानापुर में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. दानापुर स्थित लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव और जिला अध्यक्ष चंदन यादव ने एनडीए की एकजुटता का दावा किया. नेताओं ने कहा कि एनडीए के स्नातक प्रत्याशी नीरज कुमार को जिताने के लिए गठबंधन पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में जुटा है. वहीं, अनंत सिंह के बयान और जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार की जीत के दावे पर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी.
स्नातक चुनाव में एनडीए नीरज को जिताने में लगी
दानापुर में स्नातक चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. लोजपा (रामविलास) के जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने एनडीए की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की. अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी समर्थित प्रत्याशी नीरज कुमार को जिताने के लिए सभी घटक दल मिलकर काम कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि बुद्धिजीवी वर्ग और स्नातक मतदाताओं का समर्थन एनडीए प्रत्याशी को मिल रहा है.
मोकामा विधायक अनंत सिंह के उस दावे पर भी सवाल उठे, जिसमें उनके समर्थित जन सुराज प्रत्याशी अनुज कुमार की जीत की बात कही जा रही है. इस पर सुनील कुमार यादव ने कहा कि किसी नेता के बयान से चुनाव का नतीजा तय नहीं होता, बल्कि जीत-हार का फैसला मतदाता करते हैं.
उन्होंने अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच के विवाद को व्यक्तिगत मामला बताते हुए कहा कि अनंत सिंह भी खुद को एनडीए से अलग नहीं बताते हैं. सुनील कुमार यादव ने नीरज कुमार की जीत का दावा करते हुए कहा कि अन्य प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो सकती है.
हालांकि, यह लोजपा (रामविलास) के नेताओं का चुनावी दावा है. वास्तविक स्थिति का फैसला मतगणना के बाद ही होगा. पार्टी के जिला अध्यक्ष चंदन यादव ने भी नीरज कुमार की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन की ओर से पूरी ताकत लगाने की बात कही. उन्होंने बताया कि सुनील कुमार यादव को स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का सह प्रभारी बनाया गया है, ताकि चुनाव प्रचार और मतदाताओं से संपर्क अभियान को और मजबूत किया जा सके।
अब देखना होगा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की इस सियासी लड़ाई में एनडीए का एकजुटता का दावा कितना प्रभावी साबित होता है और मतदाता किस प्रत्याशी के पक्ष में अपना फैसला सुनाते हैं.